एक साल से बेरोजगार था AI क्रिएटर, इटली की महिला को प्रेमजाल में फंसाकर ठगा; खुद पहुंची गुरुग्राम तो हुआ गिरफ्तार
साइबर पुलिस ने गुरुग्राम में एक व्यक्ति को इटली की महिला से इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल में फंसाकर करीब एक लाख ...और पढ़ें

HighLights
गुरुग्राम में इंस्टाग्राम प्रेमजाल ठगी का आरोपी गिरफ्तार।
इटली की महिला से नौकरी छूटने का बहाना बनाकर ठगे पैसे।
महिला की शिकायत पर साइबर पुलिस ने की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। इंस्टाग्राम पर इटली की महिला को प्रेमजाल में फंसाने के बाद शादी का झांसा देकर करीब एक लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित ने नौकरी छूटने और आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर रुपये ट्रांसफर कराए थे।साइबर पुलिस ने आरोपित की पहचान मूल रूप से आजमगढ़ के बहादुरपुर गांव निवासी 36 वर्षीय अखिल मौर्य के रूप में की।
पुलिस ने बताया कि आरोपित कई सालों से गुरुग्राम में रह रहा था और इस समय सुखराली के एक पीजी में रहता था। वह बीएससी पास है और करीब 10 सालों तक गुरुग्राम की अलग-अलग निजी कंपनियों में टेक्निकल सपोर्ट का काम किया। पिछले साल जुलाई में किसी कारणवश उसकी नौकरी छूट गई थी।
इटली से आकर महिला ने दी थी शिकायत
एसीपी साइबर क्राइम गौरव फोगाट ने बताया कि जुलाई 2026 में इटली मूल की महिला ने इंस्टाग्राम के जरिए उनसे संपर्क किया था। महिला ने बताया कि गुरुग्राम निवासी अखिल नाम के युवक से मार्च में इंस्टाग्राम पर संपर्क हुआ था।
महिला ज्वेलरी डिजाइनर है और उसके इटली में ज्वेलरी शोरूम हैं। अखिल ने खुद को एआइ फिल्म क्रिएटर बताकर दोस्ती की और जल्द ही प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने का झांसा दिया।
जुलाई में उसने आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर दो बार में करीब एक हजार यूरो वेस्टर्न यूनियन के माध्यम से ट्रांसफर कराए। इसके बाद आरोपित युवक ने संपर्क तोड़ दिया।
28 सितंबर को महिला ने खुद दी शिकायत
28 सितंबर को महिला स्वयं गुरुग्राम आई और आरोपित के खिलाफ लिखित शिकायत दी। जांच करते हुए साइबर थाना पश्चिम पुलिस ने गुरुवार को आरोपित को सुखराली से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने वारदात स्वीकार की। बताया कि वह नौकरी छूटने के बाद बेरोजगार हो गया था।
पैसों के लालच में उसने यह ठगी की। उसने वेस्टर्न यूनियन से आई रकम गुरुग्राम में मुथूट फाइनेंस के जरिए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा ली। बैंक चार्ज काटने के बाद उसे 67,297 रुपये मिले थे।
