गुरुग्राम में रफ्तार ने छीनी युवक की जान, कार से साइकिल सवार को उड़ाया; ड्राइवर फरार
गुरुग्राम के सेक्टर-29 में एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार बाबुल हुसैन को टक्कर मार दी, जिससे इलाज के ...और पढ़ें

कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत होने के बाद ड्राइवर मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। जागरण
HighLights
सेक्टर-29 में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मारी।
हादसे में 35 वर्षीय बाबुल हुसैन की अस्पताल में मौत हुई।
कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-29 में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान बाबुल हुसैन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के डिगना गांव का रहने वाला था और फिलहाल चक्करपुर में किराए पर रहता था। वह गुरुग्राम में ही किसी कंपनी में पार्ट टाइम काम करता था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे बाबुल हुसैन सेक्टर-29 में लेजर वैली पार्क के पास साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाबुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के स्वजन की शिकायत पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
