वेंटिलेटर पर ध्रुव, चमत्कार की आस
गुरुग्राम गोलीकांड : न्यायाधीश कृष्णकांत के गनमैन महिपाल ने सभी गनमैन को संदेह के दायरे में ला दिया - दबी जुबान से सभी अधिकारी से लेकर न्यायाधीश तक अपने गनमैन की जांच मनोचिकित्सक से कराना चाहते हैं - गनमैन ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत की पत्नी एवं बेटे को शनिवार दोपहर गोली मार दी
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम:
सुरक्षाकर्मी की गोली की शिकार अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत की पत्नी रितु (रेणु) का सोमवार को हिसार में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका 18 वर्षीय बेटा ध्रुव रविवार सुबह से वेंटिलेटर (लाइफ सपोर्ट सिस्टम) पर है। 30 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी उसकी स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। वहीं दूसरी ओर आरोपित सुरक्षाकर्मी महिपाल से एसआइटी की पूछताछ जारी है। वह लगातार बयान बदल रहा है।
शनिवार दोपहर आरोपित सुरक्षाकर्मी महिपाल ने सेक्टर 49 स्थित आर्केडिया शॉ¨पग काम्प्लेक्स के सामने गोली चलाई थी। जिसमें रितु की मौत हो गई, जबकि ध्रुव की हालत गंभीर है। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सुलोचना गजराज के नेतृत्व में एसआइटी मामले की जांच कर रही है। आरोपित एसआइटी के पास चार दिन के रिमांड पर है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में वह लगातार बयान बदल रहा है। कभी कहता है कि छुट्टी नहीं मिलती थी तो कभी कहता है कि शॉ¨पग करने के दौरान वह कुछ मिनट के लिए न्यायाधीश की पत्नी एवं बेटे से अलग हो गया था। इससे दोनों नाराज हो गए थे। दोनों ने उसे डांटना शुरू कर दिया था। इस वजह से उसने गुस्से में गोली चला दी। हालांकि यह बात एसआइटी के गले नहीं उतर रही है। सभी यह मानते हैं कि कुछ बात ऐसी जरूर है जिसकी वजह से आरोपित ने दोनों को मारने का प्लान पहले ही बना लिया था। यदि ऐसा नहीं होता तो वह गोली मारने के बाद घबराता। वह गोली मारने के बाद सीधे न्यायाधीश कृष्णकांत को फोन नहीं करता।
कई एंगल से चल रही जांच
एसआइटी आरोपित से पूछताछ करने के साथ ही कई एंगल से भी जांच कर रही है। जांच में गुरुग्राम पुलिस की कई टीम भी लगी हुई है। धर्म परिवर्तन किस वजह से किया था, कौन-कौन धर्म गुरु के प्रभाव में था, किससे वह अक्सर मिलता था, डयूटी के बाद उसकी दिनचर्या क्या थी, मोबाइल से सबसे अधिक किससे बात करता था, डयूटी के दौरान उसका व्यवहार कैसा रहता था, वह सही से डयूटी करता था या मनमानी करता था, गोली मारने से पहले उसने किससे बात की थी, जिससे बात की थी वह व्यक्ति क्या करता है सहित कई सवालों के सवाल सामने लाए जाएंगे।
चिकित्सकों को ध्रुव की हालत में सुधार की उम्मीद
चमत्कार की आस में चिकित्सक
ध्रुव को घटना के बाद शनिवार देर रात मेदांता में शिफ्ट किया गया था। रविवार सुबह उसकी हालत काफी नाजुक हो जाने पर वेंटिलेटर पर रख दिया गया। तबसे वह वेंटिलेटर पर ही है। डॉक्टर व परिजनों को उम्मीद है कि उसकी हालत में सुधार होगा। मेदांता मेडिसिटी के उपाध्यक्ष केएल सहगल का कहना है कि डॉक्टरों की एक टीम लगी हुई है। हम सब अपनी ओर से पूरा प्रयास कर रहे हैं।