विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम हिट एंड रन: 'मेरा दोस्त गाड़ी चला रहा था', महिला राइडर को टक्कर मारने वाली कार के मालिक का दावा

Published: Mon, 14 Sep 2026 12:13 PM (IST)

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइकर सिया को कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं और उनकी बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई।

HighLights

  1. महिला बाइकर सिया को गुरुग्राम में कार ने टक्कर मारी।

  2. गोल्फ कोर्स रोड पर हुई घटना, बाइक कई मीटर घिसटी।

  3. पुलिस ने जांच शुरू की, कार मालिक ने ड्राइविंग से इनकार किया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में एक महिला बाइकर के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कार मालिक मनीष ने कहा कि मैं गाड़ी नहीं चला रहा था। मनीष ने बताया कि उस समय मेरा दोस्त कल्याण कार चला रहा था।

पुलिस ने कार मालिक मनीष के बयान के आधार पर भी मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच किए जाने के बाद ही असली सच्चाई सामने आएगी।

सड़क पर घिसटती गई बाइक

रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने महिला बाइकर की स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक से गिर गई और बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। टक्कर मारने के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।

WhatsApp Image 2026-09-14 at 09.48.40

महिला को चोटें आईं

बाइक सवार युवती की पहचान सिया के रूप में हुई है। सड़क पर गिरने से उन्हें चोटें भी आईं। सिया ने मामले की जानकारी अपने इंस्टग्राम प्रोफाइल पर साझा की है।

सिया के अनुसार, वह रविवार को अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक पर अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं। आरोप है कि राइड शुरू होने से ही एक कार में सवार लोग उनका पीछा कर रहे थे।

WhatsApp Image 2026-09-14 at 09.48.40 (1)

मुझे बाइक रोकने को कहा: सिया

सिया ने कहा कि कार उनके करीब आई और उसमें बैठे लोगों ने बदतमीजी शुरू कर दी। सिया ने उन्हें दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने उल्टा सिया को बाइक रोकने के लिए कहा।

सिया का आरोप है कि कार सवार नशे में लग रहे थे। कुछ देर बाद ही कार ने ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी।

बाइक पर लगे कैमरे में वारदात कैद

इस मामले का वीडियो उनकी बाइक पर लगे कैमरे से रिकॉर्ड हुआ, जो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में कार द्वारा टक्कर मारने और उसके बाद बाइक के घिसटने का पूरा दृश्य साफ दिखाई दे रहा है।

WhatsApp Image 2026-09-14 at 09.48.41

सिया ने कार की डिटेल भी शेयर की है। कार का नंबर एचआर30वाई4949 है और आरसी मालिक का नाम मनीष बताया जा रहा है।

उधर, गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान ले लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- महिला बाइक सवार का पीछा कर कार ने मारी टक्कर, गुरुग्राम की सड़क पर हुई वारदात कैमरे में कैद