गुरुग्राम में छत से फेंका नशीली दवाओं का कट्टा, 52 कोडीन सिरप और 520 अल्प्राजोलम गोलियां बरामद
गुरुग्राम के सोहना में औषधि नियंत्रण विभाग और पुलिस ने कबीर नगर में नशीली दवाओं के अवैध भंडारण पर छापा ...और पढ़ें

HighLights
गुरुग्राम के सोहना में नशीली दवाओं के अवैध भंडारण पर छापा।
छत से फेंके गए कट्टे से 52 कोडीन सिरप बरामद।
520 अल्प्राजोलम गोलियां भी मिलीं, मुख्य आरोपी फरार।
वरुण त्रिवेदी, गुरुग्राम। सोहना के कबीर नगर में आवासीय मकान से नशीली दवाओं के अवैध भंडारण और बिक्री की सूचना पर औषधि नियंत्रण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घर में मौजूद महिलाओं ने अंदर से मुख्य दरवाजा बंद कर लिया। टीम के प्रवेश का प्रयास करने के दौरान आसपास के लोग भी घेरकर हंगामा करने लगे।
इसी बीच मकान की छत से पीछे खुले स्थान में प्लास्टिक का कट्टा फेंका गया। तलाशी के दौरान कट्टे से कोडीन युक्त 52 सिरप और अल्प्राजोलम की 520 गोलियों का एक डिब्बा बरामद हुआ।
औषधि नियंत्रण अधिकारी गुरुग्राम-तृतीय मुकेश कुमार और सोहना थाना पुलिस की टीम ने शनिवार को कबीर नगर स्थित आवासीय परिसर में कार्रवाई की। पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआइ) वाहिद खान, महिला हेड कांस्टेबल रचना समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम को सूचना मिली थी कि अमीर पुत्र इमरान आवासीय परिसर से नशीली दवाओं का अवैध रूप से भंडारण और बिक्री कर रहा है।
टीम के मौके पर पहुंचते ही घर के अंदर मौजूद महिलाओं ने प्रवेश द्वार अंदर से बंद कर लिया। अधिकारियों ने दरवाजा खुलवाकर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान पड़ोसियों की ओर से भी घेरकर हंगामा शुरू हो गया।
हालात के बीच घर की छत से पीछे की ओर खुले स्थान में एक प्लास्टिक का कट्टा फेंका गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कट्टे को कब्जे में लिया तो उसमें कोडीन युक्त 52 सिरप और अल्प्राजोलम की 520 गोलियां मिलीं।
कार्रवाई के दौरान आरोपित अमीर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित इमरान को पूछताछ और आगे की जांच के लिए हिरासत में लिया है। बरामद नशीली दवाओं को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
मामले में औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से सोहना थाने में शिकायत देकर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस आरोपित की तलाश के साथ दवाओं की खरीद और सप्लाई के स्रोत की जांच कर रही है।
