गुरुग्राम के सुभाष चौक पर चलती कार में लगी आग, ड्राइवर और साथी ने दौड़कर बचाई जान
गुरुग्राम के सुभाष चौक पर मंगलवार सुबह एक चलती ऑल्टो कार में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चालक और उसका साथी सुरक्षित बाहर निकल गए।

गुरुग्राम में चलती कार में आग लग गई। जागरण
HighLights
सुभाष चौक पर चलती कार में लगी भीषण आग।
चालक और साथी समय रहते सुरक्षित बाहर निकले।
आग से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त, यातायात प्रभावित।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में सुभाष चौक पर मंगलवार सुबह चलती ऑल्टो कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फ्लाईओवर के नीचे ट्रैफिक के बीच चल रही कार में आग लगने का पता चलते ही चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। चालक और उसका साथी सुरक्षित बाहर निकल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने खतरा भांपते हुए कार रोक दी और बाहर निकल आया। उसके साथ बैठे व्यक्ति ने भी समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दोनों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद कार में तेज आग लग गई।
आग देखकर मौके पर जुटी भीड़
वहीं, आग की लपटें उठती देखकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कार में लगी आग के कारण सुभाष चौक पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। इससे मौके पर जाम की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंची दमकल की टीम
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। गनीमत रही कि घटना में चालक और उसके साथी को कोई चोट नहीं आई।
यह भी पढ़ें- साहिबाबाद में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में आग, 18 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
शुरुआती जांच में कार में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शॉर्ट-सर्किट से आग लगने का अंदेशा है।
