गुरुग्राम: GPS ट्रैकर लगाकर रची थी साजिश, प्रॉपर्टी डील में कमीशन न मिलने पर हत्या की कोशिश; 5 गिरफ्तार
गुरुग्राम में एक प्रॉपर्टी डील में कमीशन न मिलने पर डीलर के बेटे साहिल अरोड़ा के अपहरण और हत्या के ...और पढ़ें
-1791008988726_m.webp)
गुरुग्राम पुलिस ने पांच आरोपी गिरफ्तार किए। जागरण
HighLights
प्रॉपर्टी कमीशन विवाद में डीलर के बेटे पर हमला।
पांच आरोपी गिरफ्तार, गैलेरिया मार्केट में हुई थी घटना।
जीपीएस ट्रैकर का उपयोग कर अपहरण का प्रयास।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। प्रॉपर्टी डील में कमीशन न मिलने पर प्रॉपर्टी डीलर के बेटे का अपहरण कर हत्या की कोशिश करने वाले पांच आरोपियों को अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।
घटना 21 सितंबर को गैलेरिया मार्केट में हुई थी। युवक की सजगता से उसकी जान बच गई थी और आरोपित फरार हो गए थे। मुख्य आरोपी ने डीलर के बेटे की कार में जीपीएस ट्रैकर लगा रखा था, जिसके जरिए वह वारदात को अंजाम देने के लिए गैलेरिया मार्केट पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को सुशांत लोक फेस एक निवासी साहिल अरोड़ा ने सेक्टर-29 थाने में शिकायत दी थी। कहा था कि 21 सितंबर को वह गैलेरिया मार्केट आए थे। कार पार्क कर कैफे में चले गए।
हथियार से गोली नहीं चली
इसके बाद वापस आकर जैसे ही कार में बैठने लगे, एक व्यक्ति अगली सीट पर और दो व्यक्ति पिछली सीट पर आकर बैठ गए। अगली सीट पर बैठे युवक ने पिस्टल दिखाकर साथ चलने को कहा। विरोध करने पर आरोपित ने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन हथियार से गोली नहीं चली।
-1791009043611.webp)
पिस्टल कार में ही छूट गई
वहीं, साहिल ने हिम्मत दिखाते हुए कार आगे बढ़ा दी, जिससे पीछे बैठे दोनों आरोपित चलती कार से कूदकर भाग गए। कुछ दूर पर आगे स्कूटी आने से कार रोकनी पड़ी तो अगली सीट पर बैठा आरोपित भी कूदकर भाग गया, लेकिन उसकी पिस्टल कार में ही छूट गई थी।
शिकायत पर केस दर्ज कर अपराध शाखा सेक्टर-43 ने मामले में पांच आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान सेक्टर-67 निवासी प्रवीण, लक्ष्मण विहार निवासी सुमेर सिंह, फरीदाबाद के वैधरम कालोनी निवासी शिव शंकर, दिल्ली के मीठापुर निवासी अमन और हेमंत के रूप में हुई।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी प्रवीण ने साहिल के पिता के साथ प्रॉपर्टी की डील कराई थी। बाद में साहिल के पिता ने वही प्रॉपर्टी किसी और के साथ डील कर ली। प्रवीण को कमीश का पैसा नहीं मिला।
इसी रंजिश में प्रवीण ने सुमेर के साथ मिलकर साहिल का अपहरण कर पिता पर रुपये देने और डील रद करने का दबाव बनाने की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने के लिए प्रवीण और सुमेर नूंह से हथियार लेकर आए।
कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा
सुमेर ने पैसा देकर अपने परिचित शिव शंकर, अमन और हेमंत को भी साजिश में शामिल कर लिया। वारदात से पहले प्रवीण ने साहिल की कार में जीपीएस ट्रैकर लगा दिया था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस कर सके। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
इस मामले में जांच और आरोपितों को पकड़ने में क्राइम ब्रांच प्रभारी एसआई अंकित कुमार, एसआई विजय कुमार, हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार, कॉन्स्टेबल सोमबीर और कॉन्स्टेबल अजीत कुमार की विशेष भूमिका रही।
