विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में LPG गैस की हो रही जमकर कालाबाजारी, 104 भरे सिलिंडर बरामद; एक आरोपित गिरफ्तार

Published: Tue, 22 Sep 2026 04:43 PM (IST)

गुरुग्राम के खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने एक पिकअप से ...और पढ़ें

खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के नवादा गांव में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया। (एआई जेनरेटेड इमेज)

खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के नवादा गांव में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. खेड़कीदौला में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़।

  2. पुलिस ने पिकअप से 104 भरे गैस सिलिंडर किए बरामद।

  3. एक आरोपित गिरफ्तार, पिकअप चालक अभी भी फरार।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के नवादा गांव में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पिकअप गाड़ी में इंडेन और भारत गैस के 104 भरे सिलिंडर बरामद कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि पिकअप चालक अभी फरार है।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि इन सिलिंडरों को राजस्थान के अलग-अलग जगहों से लेकर खेड़कीदौला क्षेत्र में ब्लैक में बेचा जा रहा था।

पिकअप में घरेलू एलपीजी के काफी सिलिंडर भरे हुए मिले

पुलिस के अनुसार सोमवार रात क्राइम टीम नवादा गांव में गश्त पर थी। मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में घरेलू एलपीजी के काफी सिलिंडर भरे हुए लदे हैं, जो ब्लैक में बेचने के लिए लाए गए हैं। जांच में पता चला कि गाड़ी का चालक राजस्थान का हजारी लाल और मालिक नवादा निवासी जितेंद्र उर्फ कालू है।

सूचना पर पुलिस जितेंद्र के घर के पास पहुंची तो पिकअप खड़ी मिली। इसमें चाबी लगी थी। पुलिस को देखकर दोनों व्यक्ति भाग गए। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 104 सिलिंडर मिले। टीम ने कार्रवाई करते पिकअप मालिक जितेंद्र को बाद में पकड़ लिया।

कोई कागजात, गैस कॉपी या लाइसेंस पेश नहीं कर पाया

पूछताछ में आरोपित जितेंद्र ने बताया कि पिकअप और 104 सिलिंडर उसी के हैं। चालक हजारी लाल उसका ड्राइवर है। आरोपित सिलिंडरों के कोई कागजात, गैस कॉपी या लाइसेंस पेश नहीं कर पाया। उसने बताया कि वह राजस्थान से अलग-अलग जगहों से सस्ते दामों पर सिलिंडर खरीदकर नवादा व आसपास के किरायेदारों को महंगे दामों पर बेचता है।

जांच के दौरान पिकअप में इंडेन कंपनी के 20 और भारत कंपनी के 84 घरेलू 14 किलोग्राम वाले भरे सिलिंडर मिले। एएफएसओ के निर्देश पर ई-साक्ष्य एप पर वीडियो बनाकर गाड़ी व सिलिंडरों को कब्जे में लिया गया।खेड़कीदौला थाने में मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- 1917 में स्वामी प्रेमानंद ने रखी थी नींव, जानिए क्यों संकट में है पटौदी का 109 साल पुराना ऐतिहासिक स्कूल