विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाह री हरियाणा पुलिस! THAR ड्राइवर को गिरफ्तार कर थाने से छोड़ा, आईओ को नंबर प्लेट हटाए जाने की जानकारी ही नहीं

Published: Sat, 07 Mar 2026 10:44 PM (IST)

गुरुग्राम में चार मार्च को वन-वे में गलत दिशा से आई थार की टक्कर से बाइक सवार पेट्रोल पंप कर्मी ...और पढ़ें

इसी थार से एक व्यक्ति को मारी थी टक्कर। जागरण

इसी थार से एक व्यक्ति को मारी थी टक्कर। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना क्षेत्र में चार मार्च को सेक्टर-44 से व्यापार केंद्र रोड पर वन-वे में घुसी थार गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार पेट्रोल पंप कंर्मी की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर थाने से जमानत दे दी। हालांकि, थार गाड़ी से नंबर प्लेट हटाने के मामले में कोई अन्य धारा अब तक नहीं जोड़ी गई।

वहीं, जांच अधिकारी ने इस जानकारी से भी इनकार किया कि किसी ने घटना के बाद नंबर प्लेट निकाली। वहीं परिवार ने पुलिस की इस कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

चार मार्च को वन-वे में रॉन्ग साइड आई थार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में पेट्रोल पंप कर्मी पलवल के रोहता पट्टी के रहने वाले 41 वर्षीय मुकेश बघेल की मौत हो गई थी।

वीडियो में दिखी थी गाड़ी पर नंबर प्लेट

इस मामले में इनके भाई अशोक ने केस दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को घटना के कई वीडियो भी सौंपे थे। एक वीडियो में दिख रहा था कि थार बिना नंबर प्लेट के है, जबकि दूसरे वीडियो में थार गाड़ी पर नंबर प्लेट लगी थी।

अशोक ने आरोप लगाया था कि हादसे के बाद किसी ने थार गाड़ी से सबूत मिटाने के लिए नंबर प्लेट हटा दी। वहीं सुशांत लोक थाना पुलिस ने बताया कि घटना की जांच करते हुए शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे थाने से ही जमानत दी गई। इसकी पहचान सुशांत लोक के रहने वाले देव यादव के रूप में की गई।

नंबर प्लेट की जानकारी से इनकार किया

वहीं, पूछताछ में पता चला कि वह अपने भाई कुणाल यादव की थार गाड़ी लेकर आया था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मामले की जांच एएसआई सुरेंद्र कुमार कर रहे हैं। उनसे जब थार गाड़ी की नंबर प्लेट हटाने व अन्य कोई धारा जोड़ने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस तरह की कोई भी जानकारी से इनकार कर दिया। कहा हादसे के बाद थार गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं मिली थी। मोटर व्हीकल अधिनियम की धारा जोड़ी गई।

वहीं, भाई अशोक कुमार ने कहा कि वह पुलिस की कार्रवाई से बिलकुल भी संतुष्ट नहीं है। पुलिस को अन्य धाराएं भी जोड़नी चाहिए थीं। पुलिस ने इतने गंभीर मामले में आरोपी को थाने से ही जमानत दे दी और इस कार्रवाई की जानकारी तक स्वजन को नहीं दी गई।

यह भी पढ़ें- THAR से टक्कर मार एक व्यक्ति की जान लेने वाले ड्राइवर की तलाश तेज, CCTV फुटेज खंगाल रही गुरुग्राम पुलिस

इस मामले में एसीपी ईस्ट धर्मवीर कुमार ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है। जांच में जो भी निकलकर सामने आएगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।