फॉलोअप : कातिलाना हमला मामले में तीन अन्य आरोपित गिरफ्तार
भोंडसी जेल रोड स्थित भूप सिंह नगर कॉलोनी विवाद मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों में से अनिल के खिलाफ बादशाहपुर थाने में पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। भोंडसी थाना पुलिस पांच आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। चार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पीड़ित पक्ष अभी भी दहशत में है। परिवार के बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं।
जासं, भोंडसी (गुरुग्राम) : भोंडसी जेल रोड स्थित भूप सिंह नगर कॉलोनी विवाद मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों में से अनिल के खिलाफ बादशाहपुर थाने में पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। भोंडसी थाना पुलिस पांच आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। चार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पीड़ित पक्ष अभी भी दहशत में है। परिवार के बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं।
होली के दिन किक्रेट खेलने के दौरान दो अलग-अलग समुदाय से जुड़े युवकों में मारपीट हो गई थी। पहले एक समुदाय के युवकों ने दूसरे समुदाय के दो युवकों को पीटा था। मार खाने के बाद युवकों ने नया गांव से अपने परिवार के लड़कों को बुला लिया और मारपीट करने वाले युवकों के घर में घुस कर परिवार के लाठी-डंडों से दस बारह लोगों को बुरी तरह से मारा था।
हमलावरों ने परिवार के मुखिया साजिद और घर की महिलाओं पर भी डंडे से वार किया था। आरोप पत्थर और गोली चलाने का भी लगा था। पुलिस पर देर से पहुंचने के आरोप भी लगे थे। इस घटना को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई।
पुलिस ने घटना वाले दिन ही एक आरोपित को पकड़ लिया था। उसके अगले दिन चार आरोपित पकड़े गए। मंगलवार को पुलिस ने नया गांव निवासी अनिल, गौरव व प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी (साउथ) हिमांशु गर्ग ने बताया कि पुलिस टीम गिरफ्त में आए युवकों से पूछताछ कर अन्य आरोपितों को पकड़ने में लगी हुई है। पीड़ित पक्ष को सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। आरोपित पक्ष की ओर से वीडियो वायरल
आरोपित युवकों की ओर से नया गांव की महिलाओं की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। कई वॉट्सएप ग्रुप पर यह वीडियो काफी तेजी से फैल रही है। इसमें बुजुर्ग महिलाओं की ओर से गांव के सरपंच समेत अन्य राजनेताओं पर उनकी मदद न करने का आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि ऐसे समय में जो उनके पक्ष की मदद नहीं करेगा उसे आगामी चुनाव में वे वोट भी नहीं देंगे। करीब दो मिनट की वीडियो में महिलाओं ने अपील की है कि लोग हमारी इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें।
महिला ने आरोप लगाया कि पहले उनके बेटों से दूसरे पक्ष ने मारपीट की, जिसमें उन्हें काफी चोट आई। इसके बाद बदला लेने के लिए हमारे अन्य युवकों ने जाकर मारपीट की। लेकिन हमारी शिकायत पर कोई एफआइआर नहीं दर्ज की गई। पांच दिन से गांव में पुलिस ने भय का माहौल बदल दिया है। किसी भी समय आकर घर में घुस जाते हैं। खुद गांव के सरपंच पुलिस के साथ आकर हमारे बच्चों को पकड़वा रहे हैं। अन्य सामाजिक या राजनेता भी उनकी मदद नहीं कर रहे हैं सिर्फ एक पक्ष की ही बात सुनी जा रही है।