वन क्षेत्र में कचरा डालकर लगा रहे आग
दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव मानेसर में अरावली के वन क्षेत्र में कचरा डाल आग लगाई जा रही है। इससे अरावली को भी नुकसान हो रहा है और वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। कई बार इस तरह कचरा जलाने से पेड़ों में भी आग लग जाती है।
जागरण संवाददाता, मानेसर: दिल्ली-जयपुर हाइवे स्थित गांव मानेसर में अरावली के वन क्षेत्र में कचरा डाल आग लगाई जा रही है। इससे अरावली को भी नुकसान हो रहा है और वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। कई बार इस तरह कचरा जलाने से पेड़ों में भी आग लग जाती है। अरावली के वन क्षेत्र में रोजाना सुबह और रात के समय क्षेत्र में भारी मात्रा में कचरा जलाया जा रहा है। दिल्ली-जयपुर हाइवे के साथ मुख्य सड़क किनारे कचरे की गाड़ियों को खाली कर उसमें आग लगाई जा रही है। इससे काला धुंआ निकलता है, जिसके कारण वाहन चालकों को भी परेशानी होती है और राहगीरों को भी काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले कचरे को क्षेत्र के आसपास डालने पर स्थानीय लोगों द्वारा रोका जाता है। ऐसे में कचरा गाड़ी चलाने वाले लोग औद्योगिक क्षेत्र से करीब एक किलोमीटर दूर न्यायराम साध मंदिर के पास पहाड़ी क्षेत्र में कचरा डाल देते हैं। कई बार इन लोगों के द्वारा ही कचरे में आग लगा दी जाती है, जिससे काफी नुकसान होता है। औद्योगिक क्षेत्र में हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रीयल एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन (एचएसआइआइडीसी) और हुडा विभाग ने कुछ समय पहले कचरा जलाने वाली जगह पर नोटिस के माध्यम से सूचना लगा दी थी। आइएमटी के सेक्टर-आठ से आगे पटौदी रोड की ओर जाने वाली सड़क के किनारे कचरे में आग लगाई जा रही थी। औद्योगिक सेक्टर-आठ के खाली प्लॉटों में भी ऐसे ही कचरे में रात के समय में आग लगाई जा रही थी। गांव अलियर ढाणा के नजदीक भी कचरा जलाया जा रहा था। यहां खाली सड़कों पर स्थानीय ग्रामीण सुबह सैर करने जाते हैं। ये लोग कचरा डालने वाले लोगों को मना करते है और कई बार पकड़ कर बैठा लेते हैं। ऐसे में अब अरावली का पहाड़ी क्षेत्र कचरा डालने के लिए चुना जाने लगा है। यहां कम लोग जाते हैं और ज्यादातर वाहन चालक ही यहां से गुजरते हैं। ऐसे में किसी प्रकार की कोई रोक-टोक यहां नहीं होती है।
सेक्टर एक आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष शशि यादव, धर्मेंद्र यादव, विक्रम यादव सहरावन ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में कचरा डालने से अरावली को काफी नुकसान हो रहा है। इसके कारण कई बार क्षेत्र में आग भी लग चुकी है। अब सड़क के साथ-साथ रोजाना खुले में कचरा जलाया जा रहा है। इस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।