यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हर रविवार होगा सुपर क्लीन दिवस
नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि निगम द्वारा प्रत्येक रविवार को सुपर क्लीन दिवस ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि निगम द्वारा प्रत्येक रविवार को सुपर क्लीन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत नागरिकों के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों की पर्याप्त सफाई सुनिश्चित की जाएगी। यह विचार उन्होंने सोमवार को सेक्टर-42 स्थित कार्यालय में हुए एक कार्यक्रम में व्यक्त किए। यह कार्यक्रम मेगा स्वच्छता ड्राइव के समापन के अवसर पर आयोजित किया गया था। नगर निगम द्वारा 13 फरवरी से 20 फरवरी तक मेगा स्वच्छता ड्राइव का आयोजन किया गया था, जिसके तहत प्रत्येक दिन नागरिकों के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गई थी। सोमवार को इसके समापन पर ड्राइव के दौरान बेहतर कार्य करने वाले 58 स्वच्छता सैनिकों तथा सहयोग देने वाली 19 आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों को प्रशंसा पत्र भेंट किए गए। इस मौके पर अतिरिक्त निगमायुक्त ने पौधारोपण करके ग्रीन गुरुग्राम का भी संदेश दिया। कार्यक्रम में सहायक अभियंता कुलदीप यादव, ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिदुस्तानी, सफाई अधिकारी विजेंदर शर्मा और वरिष्ठ सफाई निरीक्षक ऋषि मलिक उपस्थित थे।
औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में चलाया स्वच्छता अभियान
जासं, मानेसर: औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में रविवार को नगर निगम मानेसर की तरफ से स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम की तरफ से सभी गांवों और सेक्टरों में सफाई के लिए महा सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आइएमटी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन यादव ने बताया कि नगर निगम की तरफ से यह काफी अच्छा प्रयास किया गया है। इसके साथ ही यहां रेहड़ी वालों को भी जागरूक किया गया। नगर निगम आयुक्त मुनीष शर्मा ने कहा कि जल्द ही आगे भी बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभी इस अभियान के तहत कुकड़ौला, फाजिलवास, कासन, खोह, मानेसर, नैनवाल, सहरावन, बास कुशला, ढाणा, अलियर, नौरंगपुर, सिकंदरपुर, गढ़ी, हयातपुर, वजीरपुर, मेवका, ढोरका में लोगों को जागरूक किया जा चुका है। अभियान नगर निगम मानेसर की सफाई अभियान सलाहकार जैनिथ चौधरी की देखरेख में चलाया जा रहा है।
अटल भूजल अभियान मे ग्राम स्तरीय बैठक
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सोहना में सोमवार को अटल भूजल अभियान को लेकर ग्राम स्तरीय बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सिचाई तथा जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता डा. शिव सिंह रावत ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी योजना बनाई जाए जिससे गांव का पानी गांव में ही रहे। बैठक में शिव सिंह रावत ने अधिकारियों को अटल भूजल योजना के बेहतर परिणाम लाने की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि डिस्ट्रिक्ट इंप्लीमेंटेशन पार्टनर द्वारा तैयार की गई जल सुरक्षा योजना को गांव के लोगों के साथ साझा किया। ग्रामीणों द्वारा जानकारी दी गई कि गांव में कोई तालाब नहीं है और यहां की समस्या नालियों के पानी की निकासी की है।
