चुनाव की तैयारी: शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस आब्जर्वर ने संभाला मोर्चा
जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस आब्जर्वर श्याम सुंदर ने बृहस्पतिवार से मोर्चा संभाल लिया है। वह आंध्रप्रदेश कैडर के आइपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में डेपुटेशन पर केरल में डीआइजी के पद पर तैनात हैं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस आब्जर्वर श्याम सुंदर ने बृहस्पतिवार से मोर्चा संभाल लिया है। श्याम सुंदर आंध्रप्रदेश कैडर के आइपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में डेपुटेशन पर केरल में डीआइजी पद पर तैनात हैं। जिले में चुनाव के दौरान पुलिस महकमे की सभी गतिविधियों पर वह नजर रखेंगे।
चुनाव को लेकर जिला प्रशासन के साथ ही पुलिस प्रशासन की ओर से भी अलग से तैयारी की जाती है। इसी दिशा में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शशांक कुमार सावन को नोडल ऑफिसर बनाया गया है। इनके नीचे विधानसभा स्तर पर सहायक पुलिस आयुक्त को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी के कार्यों के ऊपर नजर रखने के लिए पुलिस आब्जर्वर लगाया गया है। फिलहाल जिले में फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) एवं पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) के अंतर्गत आने वाले इलाकों में एक-एक बार फ्लैग मार्च किया जा चुका है। पूर्वी इलाकों में बृहस्पतिवार देर शाम तक फ्लैग मार्च किया गया। अब पुलिस उपायुक्त (मानेसर) के इलाके में फ्लैग मार्च शुरू किया गया है। मतदान से पहले सभी इलाकों में कम से कम तीन-तीन बार फ्लैग मार्च करने की योजना है। इसके साथ ही संदिग्धों की पहचान से लेकर अवैध हथियार रखने वालों को गिरफ्तार करने के ऊपर जोर दिया जा रहा है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदशील इलाकों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। पुलिस आब्जर्वर ने हासिल की जानकारी
जिम्मेदारी संभालने के साथ ही पुलिस आब्जर्वर श्याम सुंदर ने अब तक की तैयारी के बारे में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शशांक कुमार सावन से पूरी जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि कहीं भी किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए सभी विषयों पर बारीकी से ध्यान दिया जाए।