विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

द्वारका एक्सप्रेसवे सड़क हादसा: इलाज के दौरान ठेकेदार ने तोड़ा दम, मरने वालों की संख्या हुई तीन

Published: Fri, 18 Sep 2026 10:29 AM (IST)

गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में ठेकेदार सुनील चंद की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर ...और पढ़ें

गुरुग्राम द्वारका एक्सप्रेसवे।

गुरुग्राम द्वारका एक्सप्रेसवे।

HighLights

  1. द्वारका एक्सप्रेसवे हादसे में ठेकेदार सुनील चंद की मौत हुई।

  2. हादसे में मरने वालों की कुल संख्या अब तीन हो गई।

  3. कार चालक वेदांत खन्ना अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर श्रीराम चौक के पास बुधवार रात करीब ढाई बजे तेज रफ्तार शेवरले बीट कार से श्रमिकों को रौंदने के मामले में एक और मौत हो गई है।

वाइब्रेंट अस्पताल में भर्ती घायल ठेकेदार 40 वर्षीय सुनील चंद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल बिजेंद्र सिंह के इकलौते बेटे 28 वर्षीय रामकुमार को होश आ गया है। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बुधवार रात ठेकेदार सुनील चंद ने जुपिटर कंपनी से लिए ठेके के तहत द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर ग्रीन बेल्ट और डिवाइडर पर लोहे की ग्रिल लगाने का काम शुरू कर रखा था। ठेकेदार समेत 11 श्रमिक रात में काम कर रहे थे।

श्रमिकों ने सेफ्टी जैकेट पहन रखी थी और 500 मीटर पहले बैरिकेडिंग भी की गई थी, इसके बावजूद दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी।

शवों को पैतृक गांव ले गए

हादसे में पहले ही बुलंदशहर के सरवन्ना गांव निवासी 55 वर्षीय बिजेंद्र सिंह और 55 वर्षीय ओम प्रकाश उर्फ पप्पू की मौत हो गई थी। शुक्रवार सुबह परिजन पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों मृतकों के शवों को पैतृक गांव ले गए।

उधर, कार चालक गुरुग्राम सेक्टर-95 निवासी 20 वर्षीय वेदांत खन्ना अभी भी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती है। श्रमिकों के मुताबिक, वह नशे में था और हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, तभी श्रमिकों ने उसे पकड़ लिया था। बजघेड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है।