श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया दशहरा पर्व
पटौदी क्षेत्र में दशहरा पर्व श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया गया। पटौदी के राम मन्दिर में होने वाली रामलीला का दशहरा आश्रम हरि मन्दिर में महामण्डलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज के सान्निध्य में मनाया गया। इस अवसर पर स्वामी धर्मदेव ने लोगों को दशहरा पर्व की बधाई दी तथा लोगों से
संवाद सहयोगी, पटौदी : पटौदी क्षेत्र में दशहरा पर्व श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया गया। पटौदी के राम मंदिर में होने वाली रामलीला का दशहरा आश्रम हरि मंदिर में महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज के सानिध्य में मनाया गया। इस अवसर पर स्वामी धर्मदेव ने लोगों को दशहरा पर्व की बधाई दी तथा लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे बुराईयों से दूर रहने का संकल्प लें। बुराई का हमेशा विनाश होता है।
रावण के पुतले के दहन से पूर्व जमकर आतिशबाजी भी की गई। राम के तीर मारने से रावण का पुतला धूं-धूं कर जल उठा। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इससे पूर्व दिन की रामलीला के मंचन में पटौदी नगर के ही नहीं अपितु आसपास के गांवों के लोगों ने भी हिस्सा लिया। रामलीला में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेसी नेता सुधीर चौधरी तथा नगर पालिका प्रधान चंद्रभान सहगल ने हिस्सा लिया। अनाजमंडी, हेलीमंडी में भी दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहां रामलीला का शानदार संगीतमय मंचन कोलकाता के कलाकारों द्वारा किया गया।