रेवाड़ी रोड पर नपा के प्लॉट पर बनाया जाएगा शॉपिग कांप्लेक्स
गरपालिका पटौदी क्षेत्र में अगले वित्त वर्ष से विकास कार्य शुरू होंगे। क्षेत्र को लोगों को कई प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
संवाद सहयोगी, पटौदी: नगरपालिका पटौदी क्षेत्र में अगले वित्त वर्ष से विकास कार्य शुरू होंगे। क्षेत्र को लोगों को कई प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। शुक्रवार को नगरपालिका कार्यालय में नगर पालिकाध्यक्ष चंद्रभान सहगल की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें नगरपालिका का बजट पारित किया गया। इसी मौके पर सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव भी पारित किए गए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रेवाड़ी रोड पर नगर पालिका के प्लॉट पर शॉपिग कांप्लेक्स बनाया जाएगा। महत्वपूर्ण स्थल पर स्थित इस भूमि पर शापिग कॉप्लेक्स बनाने से जहां नगर पालिका की आय बढ़ेगी वहां लोगों को अपना व्यवसाय चलाने के लिए किराए पर दुकानें भी मिल सकेंगी।
बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष चंद्रभान सहगल ने कहा कि नगर की आबादी काफी बढ़ चुकी है व नई कॉलोनियों का भी विकास हुआ है। अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों को आवश्यक नागरिक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसलिए ऐसी कॉलोनियों का सर्वे करा कर उन्हें नियमित करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इस पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति प्रदान की। बैठक में नगरपालिका कार्यालय में चल रहे नागरिक सुविधा केंद्र को अपग्रेड करने का प्रस्ताव भी पास किया गया।
बैठक में लोगों को गर्मियों में विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर ठंडा पानी उपलब्ध कराने को लेकर वाटर कूलर लगवाने का भी प्रस्ताव पास किया गया। यदि उपायुक्त ने इसके लिए नगरपालिका को अनुमति दे दी तो नगर के अनेक प्रमुख हिस्सों में लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध हो सकेगा। पुराने तहसील स्थल पर वृद्धाश्रम व बहुउद्देश्यीय हॉल बनाने के लिए उपायुक्त से अनुमति लेने, कूड़ा डपिग स्टेशन पर सूखे-गीले कूड़े के निस्तारण के लिए एमआरएफ चालू करने आदि का प्रस्ताव लाया गया। बैठक में पारित बजट के अनुसार नगरपालिका को अगले वित्त वर्ष में लगभग 5.55 करोड़ की आय एवं 5.44 करोड़ का व्यय होने की आशा है।
इसके अतिरिक्त लगभग 15 करोड़ रुपये नगरपालिका के पास पहले से ही हैं। बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष जर्मन सैनी, पालिका सचिव संदीप मलिक, एमई नरेंद्र तनेजा, पार्षद अशोक शर्मा, नीलम खुराना, गौरा रानी सहगल, इमरान मान, योगेंद्र यादव व कैलाश चंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।