Move to Jagran APP

दिल्ली दंगा देश को परेशान करने की बड़ी साजिश थी: नित्यानंद

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि इस साल दिल्ली में हुए दंगे देश को परेशान करने की बहुत बड़ी साजिश थी लेकिन रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने समय रहते स्थिति को बेहतर तरीके से संभाल लिया।

By JagranEdited By: Published: Wed, 07 Oct 2020 10:13 PM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2020 05:13 AM (IST)
दिल्ली दंगा देश को परेशान करने  की बड़ी साजिश थी: नित्यानंद
दिल्ली दंगा देश को परेशान करने की बड़ी साजिश थी: नित्यानंद

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि इस साल दिल्ली में हुए दंगे देश को परेशान करने की बहुत बड़ी साजिश थी, लेकिन रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने समय रहते स्थिति को बेहतर तरीके से संभाल लिया। अराजकता फैलाने वाले तत्वों को दबाने में विशेष भूमिका निभाई। इससे पहले भी उपद्रवियों के खिलाफ आरएएफ ने सफल आपरेशन चलाया है।

loksabha election banner

बुधवार को गांव कादरपुर स्थित सीआरपीएफ के समूह केंद्र के परेड ग्राउंड में रैपिड एक्शन फोर्स की 28वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि दिल्ली दंगे में जहां 53 लोग मारे गए थे, वहीं लगभग 200 लोग घायल हो गए थे। यह आंकड़ा काफी अधिक होता लेकिन आरएएफ ने दंगाइयों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। सीआरपीएफ के इस दंगा विरोधी शाखा का गठन 1992 में किया गया था। तबसे कभी भी इस बल ने सामान्य तौर पर बल प्रयोग नहीं किया। जब शांति पूरी तरह से भंग हो जाती है, अराजक तत्व बेकाबू हो जाते हैं तभी उन्हें काबू करने के लिए बल प्रयोग किया। आरएएफ ने कई मौकों पर देश को गर्व का अनुभव कराया है। संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में भी विशेष भूमिका निभाई है।

नित्यानंद राय ने सीआरपीएफ की तारीफ करते हुए कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा में इस बल की विशेष भूमिका है। कश्मीर घाटी में आतंकवादी गुटों के शीर्ष कमांडरों को मारने में भी सीआरपीएफ ने विशेष भूमिका निभाई। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी गतिविधियों को विफल करने का काम किया।

समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा भेजी गई शुभकामनाएं आरएएफ के जवानों को दी गईं। बता दें कि देश के विभिन्न हिस्सों में आरएएफ की 15 बटालियन हैं। इनमें 15 हजार से अधिक कर्मचारी हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने परेड की सलामी भी ली।

सीआरपीएफ के महानिदेशक एपी माहेश्वरी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर हमलों से निबटना सबसे बड़ी चुनौती है। सोशल मीडिया के माध्यम से गलत संदेश ही नहीं बल्कि भड़काऊ संदेश आसानी से फैला दिए जाते हैं। इसके ऊपर काफी काम करना होगा। सीआरपीएफ इस दिशा में बेहतर तरीके से काम करने को तैयार है। कोविड-19 को लेकर महानिदेशक ने कहा कि पूरे देश में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अगले 100 दिनों के भीतर देश के 1600 स्थानों पर अभियान चलाकर लगभग 12 करोड़ लोगों को जागरूक किया जाएगा। लोगों से कहा जाएगा कि घर से बाहर मास्क लगाकर ही निकलें, शारीरिक दूरी का ख्याल रखें एवं हाथ को सैनिटाइज करते रहें। समारोह के दौरान मार्च पास्ट में आरएएफ की महिला टुकड़ी भी शामिल हुई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.