दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर लगा लंबा जाम
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे (जयपुर से दिल्ली की तरफ) पर इफ्को चौक से लेकर दिल्ली के महिपालपुर के नजदीक तक बुधवार शाम 7 बजे से गाड़ियां रेंगती नजर आई। इस कारण से सर्विस लेन पर भी ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही। तकरीबन 11 किलोमीटर तक लगे जाम के कारण लोगों को जहां परेशानियों का सामना करना पड़ा वहीं, टोल प्लाजा के नजदीक सर्विस लेन पर ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित रही। मालूम हो कि सरहौल बॉर्डर के समीप कुछ देर के लिए एक वाहन बंद हो गया था। पीक ऑवर होने के कारण वाहनों का दबाव बढ़ता चला गया। धीरे-धीरे करीब 11 किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गई। वाहन में गड़बड़ी आने से पहली बार एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे (जयपुर से दिल्ली की तरफ) पर इफको चौक (गुरुग्राम ) से लेकर महिपालपुर (दिल्ली) तक बुधवार शाम 7 बजे से रात साढ़े नौ बजे तक वाहन रेंगते नजर आए। कई बार तो वाहनों के पहिए थम भी गए। मुख्य लेन जाम होने के चलते सर्विस लेन पर वाहनों की कतार लंबी होती जा रही थी। तकरीबन 11 किलोमीटर तक लगे जाम के कारण लोग परेशान नजर आए। जाम में दो एंबुलेंस भी फंसी नजर आई। बताते हैं कि रजोकरी तथा सरहौल सीमा पर दो वाहन खराब हो गए थे जिसके चलते जाम लगना शुरू हुआ। पीक ऑवर होने के कारण वाहनों का दबाव बढ़ता चला गया। धीरे-धीरे करीब 11 किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गई। वाहनों में गड़बड़ी आने से पहली बार एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है। प्रतिदिन कहीं न कहीं एक्सप्रेस-वे पर इस तरह की समस्या दिखाई देती है। इसे देखते हुए लोगों की मांग है कि एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ गुरुग्राम इलाके में तीन-तीन क्रेन की सुविधा होनी चाहिए। जैसे ही कोई वाहन खराब हों, कुछ ही मिनट में उसे साइड किया जा सके। खासकर सिरहौल बॉर्डर एवं खेड़कीदौला टोल प्लाजा के नजदीक दोनों तरफ एक-एक क्रेन की सुविधा 24 घंटे होनी चाहिए। जाम में फंसे राहुल खन्ना और संध्या शर्मा ने बताया कि उन्हें दिल्ली सीमा से महिपालपुर पार करने में सवा दो घंटे लगे।