सीआरपीएफ अकादमी को मिला देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थान का खिताब
कादरपुर स्थित सीआरपीएफ अकादमी के अधिकारियों ने अपनी कार्यकुशलता के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अकादमी को देश का सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थान का गौरव हासिल हुआ।
महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुग्राम)
कादरपुर स्थित सीआरपीएफ अकादमी के अधिकारियों ने अपनी कार्यकुशलता के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अकादमी को देश का सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थान का गौरव हासिल हुआ। पिछले वर्ष यह पुरस्कार ग्वालियर स्थित टेकनपुर बीएसएफ के प्रशिक्षण संस्थान को मिला था। क्षेत्रीय स्तर पर उत्तरी क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण स्थान के लिए हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन (करनाल) का चयन किया गया है। पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरडी) देश भर के सशस्त्र बलों व पुलिस के प्रशिक्षण केंद्रों में से चयन करता है।
पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों व सशस्त्र बल प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 2015 में इन पुरस्कारों की शुरुआत की। देशभर में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों को 6 ट्राफी प्रदान की जाती हैं। इसमें तीन केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लिए होती है, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण संस्थान, गैर राजपत्रित अधिकारियों के लिए संस्थान व सिपाहियों के लिए प्रशिक्षण संस्थान शामिल किए जाते हैं। इसी तरह 3 पुरस्कार राज्य व केंद्रशासित प्रदेशों के लिए होते हैं। क्षेत्रीय स्तर पर छह अलग-अलग क्षेत्रों के प्रशिक्षण संस्थानों को ये पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। उत्तरी क्षेत्र में हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन का इस पुरस्कार के लिए चयन किया गया है।
सीआरपीएफ अकादमी की आधारशिला 2002 में तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने रखी थी। 2005 में 37वें बैच के माध्यम से इस अकादमी में सीधे भर्ती राजपत्रित अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू किया गया। अभी तक इस अकादमी ने सीआरपीएफ के लिए 1728 अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें 73 महिला अधिकारी भी शामिल हैं। इसके अलावा 116 चिकित्सा अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया गया।
अकादमी में अभी तक कार्यरत 18 अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से बेहतर सेवा के पदक से नवाजा जा चुका है। प्रशिक्षित अधिकारियों में से 131 को पुलिस पदक, 2 को राष्ट्रपति पदक, 5 को शौर्य पदक और 1 को कीर्ति चक्र से नवाजा जा चुका है। पांच अधिकारी देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर वीरगति को प्राप्त हो गए हैं। यह कादरपुर अकादमी ही नहीं बल्कि पूरे सीआरपीएफ के लिए गौरव की बात है। पुलिस महानिदेशक डा. एपी महेश्वरी का दूरदर्शी मार्गदर्शन सभी अधिकारियों व कार्मिकों के लिए प्रेरणास्त्रोत है। देश का सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थान होने का गौरव हासिल करने के लिए सभी अधिकारी व कार्मिक बधाई के पात्र हैं।
- केएस भंडारी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक व निदेशक, सीआरपीएफ अकादमी, कादरपुर, गुरुग्राम।