बलेनो के पहिये ले गए चोर, क्रेटा चोरी करने का किया प्रयास
गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस अधिकारी सतर्क रहने के दावे कर रहे हैं पर शहर में असर नहीं दिखाई दे रहा है। कारों के पहिया चोरी करने वाला गिरोह सोमवार रात भी पालम विहार क्षेत्र से एक बलेनो कार के दो पहिये खोल ले गए।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस अधिकारी सतर्क रहने के दावे कर रहे हैं, पर शहर में असर नहीं दिखाई दे रहा है। कारों के पहिया चोरी करने वाला गिरोह सोमवार रात भी पालम विहार क्षेत्र से एक बलेनो कार के दो पहिये खोल ले गए। बदमाशों ने बगल में खड़ी क्रेटा का शीशा तोड़ गाड़ी चोरी करने का भी प्रयास किया। गेयर लाक नहीं खुलने से क्रेटा नहीं ले जा सके। एक दिन पहले ही इसी थाना क्षेत्र से दो बलेनो के पहिए खोल लिए गए थे।
नई वारदात पालम विहार एक ब्लाक में हुई। रंजीत कुमार ने सोमवार की रात नौ बजे बलेनो खड़ी की थी। सुबह जब उठे तो कार देख उनके पैर तले जमीन खिसक गई। अगले दो पहिये गायब थे और ईंट के सहारे उनकी कार खड़ी थी। बगल में ही खड़ी सरसिज त्रिवेदी की क्रेटा का एक शीशा टूटा हुआ था। वाहन को चोरी करने का प्रयास चोरों ने किया पर सफल नहीं हो सके। लगातार हो रही वारदातों से बाहर कार खड़ी करने वाले लोग परेशान हैं। शुभम, राहुल ने कहा कि पुलिस कर्मी रात में चक्कर कम लगाते हैं जिसका फायदा वाहन के पहिये चोरी करने वाले बदमाश उठा रहे हैं।
दुकान में हुई चोरी
डूंडाहेड़ा निवासी सतीश की पुरानी दिल्ली रोड पर प्लाईवुड की दुकान है। सोमवार रात दुकान के शटर में लगा ताला तोड़ बदमाश चोरी कर गए। चोर दुकान से एलईडी के अलावा गल्ले में रखा 15 हजार रुपया भी ले गए। पुलिस मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच कर रही है।