अब सुबह-शाम महसूस होने लगा ठंड का अहसास
पिछले तीन-चार दिन से साइबर सिटी में सुबह-शाम हल्की ठंड पड़ने लगी है। शनिवार को हुई बारिश के बाद मौसम के मिजाज और तेजी से बदला है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: पिछले तीन-चार दिन से साइबर सिटी में सुबह-शाम हल्की ठंड पड़ने लगी है। शनिवार को हुई बारिश के बाद मौसम के मिजाज और तेजी से बदला है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है मौसम में इस प्रकार के बदलाव से ऐसा लग रहा है कि ठंड ने दस्तक दे दी है। हालांकि पहले कहा जा रहा था कि 15 अक्टूबर तक गर्मी का असर रहेगा। लेकिन अब ऐसा नहीं होने वाला, क्योंकि कुछ राज्यों में लगातार बारिश का असर यहां के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है।
सप्ताहांत के दिन सुहाने मौसम का लोगों ने लुत्फ उठाया। सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शहर के बाजारों से लेकर पार्कों तक में अच्छी खासी रौनक देखने को मिली। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में विभिन्न खेलों का अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों की संख्या भी अधिक दिखी। लगातार उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों का कहना है कि गर्मी ने हाल बेहाल कर दिया था। अब जाकर राहत मिली है। आइएमडी सिटी वेदर के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में आसमान में बादल छाये रहेंगे और बारिश होने की संभावना है।