एक ही छत के नीचे ब्रेस्ट कैंसर की जांच और इलाज, गुरुग्राम जिला अस्पताल में जल्द मिलेगी सुविधा
गुरुग्राम के जिला नागरिक अस्पताल में कैंसर जांच और उपचार की सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। अब स्तन कैंसर की ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated Image)
HighLights
जिला अस्पताल में कैंसर जांच और उपचार की सुविधाएं बढ़ीं
स्तन कैंसर की जांच के लिए मैमोग्राफी मशीन लगेगी जल्द
एम्स बाढ़सा के मार्गदर्शन में डे केयर कैंसर सेंटर संचालित
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए जांच से लेकर उपचार तक की सुविधाएं धीरे-धीरे एक ही परिसर में बढ़ रही हैं। अब स्तन कैंसर की जांच के लिए मैमोग्राफी मशीन लगाने की तैयारी अंतिम चरण में है। मशीन के लिए ग्राउंड फ्लोर पर कक्ष और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण अंतिम चरण में है।
सुविधा शुरू होने के बाद स्तन में गांठ या अन्य बदलाव की जांच के लिए महिलाओं को निजी केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन 2400 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। हर महीने करीब 15 से 20 मरीजों में कैंसर की पुष्टि होती है। इनमें स्तन और मुंह के कैंसर के मरीजों की संख्या अधिक है। अभी कैंसर की पुष्टि होने पर मरीजों को उपचार के लिए एम्स बाढ़सा रेफर किया जाता है।
एम्स का पंजीकरण, इलाज जिला अस्पताल में
कैंसर मरीजों के लिए अस्पताल के पहले तल पर छह बेड का डे केयर कैंसर सेंटर संचालित हो रहा है। मरीज का एम्स बाढ़सा में पंजीकरण होने के बाद आगे का उपचार जिला अस्पताल में ही किया जा रहा है। एम्स के डाक्टरों के मार्गदर्शन में यहां मरीजों को उपचार मिल रहा है। इससे मरीजों और स्वजन को बार-बार बाढ़सा जाने की परेशानी से राहत मिल रही है।
जांच के लिए भी तैयार हो रही व्यवस्था
फरवरी 2024 से अस्पताल में हिस्टोपैथोलाजी लैब संचालित है। संदिग्ध मरीजों की बायोप्सी के नमूनों की जांच यहीं की जाती है। इसके जरिए कैंसर की पुष्टि और बीमारी की स्थिति का पता लगाने में मदद मिलती है। अब मैमोग्राफी सुविधा जुड़ने से स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग और जांच व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
अस्पताल में सवेरा प्रोजेक्ट के तहत नेत्रहीन महिलाएं हाथ से छूकर स्तन में असामान्य गांठ की शुरुआती जांच करती हैं। इसके बाद संदिग्ध मामलों में मैमोग्राफी जांच महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।
ऐसे में गुरुग्राम के जिला नागरिक अस्पताल के उप चिकित्साधीक्षक डॉ. मनीष राठी का कहना है कि शासन स्तर पर जिला अस्पताल में कैंसर के इलाज के लिए सुविधाएं लगातार बढ़ाई जा रही हैं। जल्द ही यहां मैमोग्राफी जांच की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके लिए ग्राउंड फ्लोर पर कक्ष और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है।
