कांग्रेस जोड़ने, भाजपा तोड़ने का काम करती है : कैप्टन अजय सिंह
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस जोड़ने का जबकि भाजपा तोड़ने का काम करती है। कांग्रेसी नेता विकास और तरक्की की बात करते हैं जबकि भाजपा नेता जाति और धर्म की बात कर लोगों को बरगलाते हैं। मगर इस चुनाव में जनता उन्हें मुंह तोड़ जवाब देने जा रही है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस जोड़ने का जबकि भाजपा तोड़ने का काम करती है। कांग्रेसी नेता विकास और तरक्की की बात करते हैं, जबकि भाजपा नेता जाति और धर्म की बात कर लोगों को बरगलाते हैं। मगर इस चुनाव में जनता उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में ही गुरुग्राम ने विश्व के मानचित्र पर अपनी पहचान बनाई थी इस बात को सभी जानते हैं।
कैप्टन ने यह बातें रविवार को सिकंदरपुर, नाथुपुर, चकरपुर, कन्हई, झाड़सा, सिलोखरा, चार-आठ मरला, शिवाजी पार्क, कृष्णा कालोनी, आरडी सीटी, डीएलफ फेस 2, रेसिडेंसी ग्रीन में हुई सभा के दौरान कही। इस दौरान पूर्व मंत्री राव धर्मपाल, पूर्व मंत्री धर्मबीर गाबा, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, चौ. खजान सिंह एडवोकेट, राजकुमार यादव प्रदीप सिंह जेलदार, गजे सिंह कबलाना, यशपाल बत्तरा, सीमा पाहुजा, राहुल यादव, वर्धन यादव, विक्रम यादव, भीम सिंह यादव, लाल सिंह यादव, प्रवीण यादव सहित तमाम कांग्रेसी नेता एक मंच पर रहे। कैप्टन अजय ने कहा भाजपा सरकार ने इस शहर को देश का सबसे दूषित शहर बनाने का काम किया है। भाजपा नेता मेट्रो विस्तार का राग पांच साल से गा रहे मगर हमारी सरकार ने जहां तक मेट्रो चला दी उसके एक कदम भी आगे मेट्रो नहीं चली है। बीते पांच सालों में हमारी सरकार होती तो दिल्ली की तरह गुरुग्राम में भी मेट्रो सभी जगहों पर दौड़ रही होती।