कैंडल मार्च निकालकर दी निर्भया को श्रद्धांजलि
जासं, गुरुग्राम : पूरे देश को हिला देने वाले दिल्ली के निर्भया कांड की बरसी पर वेस नामक एनजी
जासं, गुरुग्राम : पूरे देश को हिला देने वाले दिल्ली के निर्भया कांड की बरसी पर वेस नामक एनजीओ ने शनिवार शाम कैंडल मार्च निकाला। सुशांत लोक स्थित गैलेरिया मार्केट के नजदीक आयोजित मार्च में हर वर्ग के लोग शामिल हुए। सबसे अधिक महिलाएं शामिल हुईं। सभी ने निर्भया को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि महिलाओं को भी अपने मनमुताबिक जीने का अधिकार है। कैंडल मार्च निकालने से पहले एनजीओ सेक्टर 29 स्थित लेजर वैली पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें काफी संख्या में सीनियर सिटीजन ने भी हिस्सा लिया। वेस की अध्यक्ष वीणा गुप्ता, सचिव इंदू सैनी, कोषाध्यक्ष भारती एवं लाफ्टर क्लब के अध्यक्ष डा. उमेश सहगल आदि ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के ऊपर जितना ध्यान देने की आवश्यकता है, उतना ध्यान नहीं दिया जा रहा है। निर्भया कांड के बाद से अपराध कम नहीं हुए हैं। प्रतिदिन कहीं न कहीं काफी संख्या में महिलाओं के साथ अपराध हो रहा है। सभा के दौरान उपस्थित महिलाओं को आत्मरक्षा के बारे में भी जागरूक किया गया।