बसपा व एलएसपी ने घोषित किए उम्मीदवार
भाजपा कांग्रेस इनेलो तथा जजपा ने जहां अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं वहीं कई पार्टियों ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: भाजपा, कांग्रेस, इनेलो तथा जजपा ने जहां अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं, वहीं कई पार्टियों ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। गुड़गांव विधानसभा सीट से आप ने रणवीर सिंह राठी के नाम का कई दिन पहले ऐलान कर दिया था। वे चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं। हालांकि मेवात व गुरुग्राम की अन्य सीटों पर अभी आप ने उम्मीदवार नहीं घोषित किए हैं।
रविवार को लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी (एलएसपी)ने अपने कई उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। बादशाहपुर विधानसभा सीट से पार्टी ने अपने राष्ट्रीय मुख्य महामंत्री डा. सतीश यादव को मैदान में उतार दिया है। वहीं फिरोजपुर झिरका क्षेत्र से जिला प्रभारी नूंह राजू सैनी पर दांव लगाया है। वहीं बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) ने सोहना विधानसभा क्षेत्र से जावेद अहमद को टिकट दिया है। पटौदी (सुरक्षित) विधानसभा सीट से सुनील कुमार कटारिया का टिकट पक्का हुआ है। जबकि बादशाहपुर सीट से पंडित महावीर वशिष्ठ को मैदान में उतारे जाने की घोषणा पार्टी की ओर से की गई है। गुरुग्राम व मेवात की अन्य सीटों के लिए दोनों पार्टी अभी रणनीति बना रही हैं।