भाजपा मंडल अध्यक्ष चुनाव के लिए बुलाई बैठक में नहीं बनी सहमति
भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए बुलाई गई पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं की बैठक बेनतीजा रही।
संवाद सहयोगी, सोहना: भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए बुलाई गई पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं की बैठक बेनतीजा रही। किसी एक व्यक्ति पर सहमति नहीं बनी। वहीं इस नीति से पार्टी के पुराने कार्यकर्ता खफा नजर आए कि अध्यक्ष के लिए 45 वर्ष की आयु से अधिक उम्र वाला कार्यकर्ता आवेदन दाखिल नहीं कर सकता। एक वरिष्ठ नेता ने तो चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में आई बड़खल क्षेत्र की विधायक सीमा त्रिखा के सामने ही अपना त्यागपत्र दे दिया। पार्टी ने नेता ने पुराने नेताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया, जिसके बाद बैठक समाप्त कर दी गई। अगली बैठक की तिथि भी नहीं बताई गई। चुनाव पर्ववेक्षक सभी आवेदनों को लेकर चली गई।
बैठक में ऐसा होगा यह पहले से ही लग रहा था। इसके बाद भी पार्टी की ओर से भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अग्रवाल धर्मशाला में बैठक बुलाई गई थी, जिसमें 59 बूथों के अध्यक्ष के अलावा काफी संख्या में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ता बुलाए गए थे। बैठक में चुनाव पर्यवेक्षक के अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, विधायक संजय सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सूरजपाल अम्मू, मंडल प्रभारी राकेश यादव, जिला उपाध्यक्ष हरबीर सिंह आदि भी मौजूद थे।
बैठक करीब एक घंटे तक चली। बैठक में पहुंचे सभी बूथ अध्यक्षों का स्वागत किया गया, जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई। उम्मीदवार के रूप में मौजूदा मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार सोलंकी, अनुज गुप्ता, गौरव चुघ ,तय्यब हुसैन, सतबीर, ओमबीर भामला, विजय जांगड़ा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पार्टी द्वारा 45 साल की आयु निर्धारित किए जाने से कई वरिष्ठ कार्यकर्ता नामांकन दाखिल करने से वंचित रह गए। बैठक में मंडल अध्यक्ष पद के लिए आपसी सर्वसम्मति नहीं बन सकी। पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता राम बाबू गुप्ता ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए त्यागपत्र दे दिया।