आनंद हत्याकांड : लोगों ने की पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर बादशाहपुर निवासी आनंद वशिष्ठ की हत्या के खिलाफ बड़ी संख्या में ग
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर
बादशाहपुर निवासी आनंद वशिष्ठ की हत्या के खिलाफ बड़ी संख्या में गांव के लोगों ने शनिवार को पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अशोक बक्शी से मुलाकात की। लोगों ने न केवल आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की बल्कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग भी की। इस पर बक्शी ने गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनकी पत्नी करिश्मा को भी गोली लगी थी। अभी उनका इलाज चल रहा है। हत्याकांड से गुस्साए लोगों ने सोहना रोड को लगभग पांच घंटे जाम कर दिया था। पुलिस ने आश्वासन दिया था कि 24 घंटे के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। लेकिन इस मामले में अब तक सिर्फ एक गिरफ्तारी साजिश रचने के आरोप में हुई है। पांच दिन बाद भी सभी आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर गांव बादशाहपुर के लोगों ने पुलिस उपायुक्त से मुलाकात की। लोगों ने यह भी कहा कि यदि जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उनलोगों को सड़क पर आना पड़ेगा।
इधर, साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार प्रदीप निराला के भाई हरिओम निराला ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके भाई को गलत तरीके से फंसाया गया है। हरिओम ने दो आडियो क्लिप भी मुहैया कराई। इसके माध्यम से पुलिस की कार्यशैली के ऊपर सवाल खड़ा किए गए हैं। अधिवक्ता यतीश गोयल ने भी प्रदीप निराला की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर कई सवाल खड़े किए।