प्रगतिशील किसानों के लिए एक नया विकल्प है कृषि विधेयक: धनखड़
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि मंडी भी रहेगी किसानों की फसल का अधिकतम मूल्य भी रहेगा। केवल कांग्रेस के झूठ की पोल खुलेगी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि मंडी भी रहेगी, किसानों की फसल का अधिकतम मूल्य भी रहेगा। केवल कांग्रेस के झूठ की पोल खुलेगी। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम आने वाले समय में देश के प्रगतिशील किसानों के लिए आर्थिक आजादी का सूत्रधार होगा। ओमप्रकाश धनखड़ ने रविवार को पत्रकार वार्ता में यह बात कही।
ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि देश का किसान पुराने विकल्प मंडी और एमएसपी के साथ-साथ आजादी से अपना उत्पाद देश में कहीं भी अपने भाव पर बेच सकता है। देश में पहले से ही चाहे वह मत्स्य पालन हो या पोल्ट्री फार्म से जुड़ा किसान वर्ग हो, सीधे मार्केटिग योजना के साथ अपना माल आर्थिक आजादी के साथ बेचकर मुनाफा कमा रहा है।
धनखड़ ने कहा कि विधेयक को लेकर विपक्षी दल झूठ और भ्रम फैलाकर किसान को भ्रमित करने का विफल प्रयास कर रहे हैं। व्यापारी का किसी भी किसान से अनुबंध 5 वर्ष तक ही मान्य रहेगा। इसमें किसान की जमीन सुरक्षित रहेगी। पत्रकार वार्ता में उनके साथ किसान मोर्चा अध्यक्ष समय सिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, प्रदेश मीडिया संयोजक सूरजपाल अम्मू , मनोज शर्मा, अनिल गंडास, जिला मीडिया प्रभारी प्रवीन चंद्रा वशिष्ठ भी उपस्थित रहे।