अवैध रूप से ले जाए जा रहे 55 एलपीजी सिलेंडर बरामद
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने मानेसर गांव में एक पिकअप गाड़ी से 55 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं।
संस, बादशाहपुर (गुरुग्राम): मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने मानेसर गांव में एक पिकअप गाड़ी से 55 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक गजेंद्र सिंह के साथ टीम का गठन कर छापेमारी की। मानेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम को सूचना मिली की मानेसर क्षेत्र में एलपीजी के अवैध सिलेंडर का कारोबार चल रहा है। इन सिलेंडरों को कई प्रकार के कार्यों में इस्तेमाल किया जाता है। टीम में उप निरीक्षक सुरेश चंद, रणधीर सिंह, सत्येंद्र, सहायक उपनिरीक्षक ब्रहम प्रकाश व हवलदार मनोज कुमार को शामिल किया गया। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को सूचना दी गई।
मानेसर के बाबा भीष्म मंदिर के पास दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। वहां पर एक पिकअप गाड़ी में 55 एलपीजी सिलेंडर भरे मिले। पिकअप चालक महेंद्रगढ़ निवासी संजय कुमार से जब इन सिलेंडरों की अनुमति मांगी गई तो उसके पास किसी प्रकार की कोई अनुमति नहीं थी। सभी सिलेंडर इंडेन कंपनी के हैं और सभी में गैस भरी हुई थी।