शेल्टर होम से 43 लोग उप्र रवाना
लॉकडाउन के चलते शेल्टर होम में ठहरे दूसरे राज्यों के 77 मजदूरों और जरूरतमंदों में से 43 को स्थानीय प्रशासन ने हरियाणा रोडवेस की सरकारी बसों से उत्तर प्रदेश स्थित उनके आवास पहुंचा दिया।
संवाद सहयोगी, तावडू़ : लॉकडाउन के चलते शेल्टर होम में ठहरे दूसरे राज्यों के 77 मजदूरों और जरूरतमंदों में से 43 को स्थानीय प्रशासन ने हरियाणा रोडवेस की सरकारी बसों से उत्तर प्रदेश स्थित उनके आवास पहुंचा दिया। बस में बैठाने से पहले सभी के स्वास्थ्य की जांच की गई, जिसमें सभी स्वास्थ्य पाए गए। एसडीएम सतीश यादव ने बताया कि लॉकडाउन के बीच तावडू़ में 77 दूसरे राज्यों के मजदूर व जरूरतमंद लोगों को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बने शेल्टर होम में ठहराया गया था। रविवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे इनमें से उप्र के 43 मजदूरों को मथुरा, बागपत व बुलंदशहर पहुंचाया गया। उप्र सरकार ने इन मजदूरों को इनके घर पहुंचाने का प्रबंध कर रखा था। शेल्टर होम में मौजूद शेष 34 लोगों में से 31 मध्यप्रदेश और तीन राजस्थान के हैं। प्रदेश सरकार वहां की सरकारों से बातचीत कर सभी को वापस उनके घर भेजने की कोशिश कर रही है। वहां से संकेत मिलते ही सभी को भेज दिया जाएगा।