आरोपित पकड़ने गई पुलिस पर हमला, चार घायल
थाना क्षेत्र के गांव दोरक्खी में लूट व डकैती के आरोपित को गिरफ्तार कर थाने ला रही पुलिस पार्टी पर ग्रामीणों ने फायर कर जानलेवा हमला बोल दिया। ग्रामीण पुलिस पार्टी पर हमला कर पकड़े गए आरोपित को छुड़ा ले गए।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका : गांव दोरक्खी में लूट व डकैती के आरोपित पकड़ने पहुंची पुलिस कुछ लोगों द्वारा जानलेवा हमला कर उसे छुड़ा लिए जाने की घटना प्रकाश में आई है। पुलिस को लक्ष्य कर गोली चलाने का भी आरोप है। इस घटना में चार पुलिस कर्मियों के घायल होने की सूचना है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही पुलिस कर्मियों पर हमले के 35 आरोपितों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी धरपकड़ तेज कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक साल 2019 में लूट और डकैती में शामिल आरोपित के दोरक्खी गांव में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे थाने ले जाने लगी, तभी आरोपित के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों के साथ मिल कर पुलिस को घेर लिया। उन पर लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर आरोपित को छुड़ा ले गए। इस हमले में हेड कांस्टेबल विनोद व राकेश कुमार को गंभीर चोट आई, जबकि दो अन्य सामान्य रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विनोद व राकेश की हालत गंभीर देख फरीदाबाद रेफर कर दिया गया। पुलिस की मानें तो इस मामले में 29 लोगों को नामजद व 7 को आरोपित बनाया गया है। घटना के बाद से सभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।