मध्यप्रदेश के 31 लोगों की घर रवानगी
प्रवासी मजदूरों व जरूरतमंदों की शेल्टर होम से अपने घर रवानगी के द्वितीय चरण में मंगलवार को मध्यप्रदेश के 31 लोगों की रवानगी हुई।
संवाद सहयोगी , तावडू़ : लॉकडाउन में शेल्टर होम में ठहरे दूसरे राज्यों के मजदूरों और जरुरतमंदों को उनके घर वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में मंगलवार को मध्यप्रदेश के 31 लोगों को उसने घर रवाना किया गया। इस दिन सुबह पांच बजे नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह व शहरी थाना प्रभारी अजीत सिंह की मौजूदगी में उन्हें रवाना किया गया। हालांकि रवानगी से पूर्व स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनका मेडिकल चेकअप किया, जिसमें सभी पूर्णतया स्वस्थ मिले। इन्हें हरियाणा रोडवेज की बस से ग्वालियर तक छोड़ा गया। वहां से मध्यप्रदेश सरकार ने उन्हें इनके होम टाउन तक पहुंचाया। बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के 43 लोगों को उनके घर के लिए रवाना किया गया था। उक्त शेल्टर होम में अब केवल राजस्थान के तीन लोग बचे हैं। अधिकारियों की मानें तो सरकार से संकेत मिलते ही उन्हें भी भेज दिया जाएगा।