Move to Jagran APP

अनियंत्रित ट्रकों की टक्कर से दो की मौत, दो घायल

सड़कों पर अनियंत्रित दौड़ रहे दो ट्रकों ने बृहस्पतिवार रात दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान ले ली। एक हादसा सिग्नेचर टावर चौक फ्लाईओवर के नजदीक हुआ जबकि दूसरा सोहना रोड पर सुभाष चौक के नजदीक हुआ।

By JagranEdited By: Published: Fri, 05 Mar 2021 06:38 PM (IST)Updated: Fri, 05 Mar 2021 06:45 PM (IST)
अनियंत्रित ट्रकों की टक्कर से दो की मौत, दो घायल
अनियंत्रित ट्रकों की टक्कर से दो की मौत, दो घायल

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सड़कों पर अनियंत्रित दौड़ रहे दो ट्रकों ने बृहस्पतिवार रात दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान ले ली। एक हादसा सिग्नेचर टावर चौक फ्लाईओवर के नजदीक हुआ जबकि दूसरा सोहना रोड पर सुभाष चौक के नजदीक हुआ। हादसे के बाद आरोपित चालक ट्रक सहित फरार हो गए। ऐसे हादसों को देखते हुए लगातार मांग की जा रही है कि तेज रफ्तार सड़कों पर दौड़ रहे ट्रक, डंपर, कैंटर पर लगाम लगाई जाए। जिले में इस साल दो महीनों के अंदर 124 हादसों में 60 लोगों की मौत हो चुकी है।

loksabha election banner

ट्रक की टक्कर से कार चालक की मौत

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर सिग्नेचर टावर फ्लाईओवर के नजदीक बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार में पीछे से टक्कर मार दी। इससे कैब चालक के सिर व पैर में चोट लग गई। उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान बिहार के वैशाली जिले के गांव दयालपुर निवासी 28 वर्षीय अशोक कुमार के रूप में की गई। हादसे के बाद आरोपित चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। मृतक के साथी अमित कुमार की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक अशोक कुमार गांव टीकरी में किराये पर रहकर एक आइटी कंपनी की इलेक्ट्रिक कार (ब्लू स्मार्ट कैब) चलाते थे। बृहस्पतिवार रात उनकी कार उद्योग विहार इलाके में खराब हो गई थी। यह जानकारी अशोक ने अपने साथ ही कंपनी में एक अन्य इलेक्ट्रिक कार चलाने वाले बिहार के वैशाली जिले के गांव राजापाकर निवासी अमित कुमार को दी। सूचना मिलते ही अमित अपनी कार लेकर उद्योग विहार पहुंच गए। वहां से अशोक की कार टोचन करके सेक्टर-49 स्थित कंपनी के कार्यालय में ला रहे थे। सिग्नेचर टावर चौक फ्लाईओवर के नजदीक टोचन टूट गया। इसे अशोक दोबारा बांधने लगे। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इससे अशोक दोनों कारों के बीच में फंस गए थे। अमित कुमार को भी चोट लगी। इसके बाद भी अमित अपनी कार से अशोक को लेकर मेदांता अस्पताल पहुंचे। वहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इधर, शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम होने के बाद कर्मचारियों ने शव कंपनी के गेट पर रखकर प्रदर्शन किया। सभी की मांग थी कि ड्यूटी के दौरान अशोक कुमार की मृत्यु हुई है। ऐसी स्थिति में पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। कंपनी की ओर से हर महीने अगले 10 साल तक 20 हजार रुपये की सहायता राशि पीड़ित परिवार को देने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। अशोक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। बेटा छह साल का है जबकि बेटी चार साल की है। सुभाष चौक पर स्कूटी में मारी टक्कर

गुरुग्राम-सोहना रोड पर सुभाष चौक के नजदीक बृहस्पतिवार देर रात स्कूटी में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें मेदांता अस्पताल पहुंचाया, एक को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान बादशाहपुर निवासी 23 वर्षीय नितेश राघव के रूप में की गई। वह फार्मेसी की पढ़ाई कर रहे थे। घायल की पहचान सेक्टर-81 निवासी 22 वर्षीय डेनीसन डेविस के रूप में की गई। वह बी.टेक की पढ़ाई कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह स्वजन डेनीसन डेविस को मेदांता से ले जाकर दिल्ली एम्स भर्ती करा दिया। उनका एक पैर टूट गया है। हादसे में डेविस का मोबाइल भी पूरी तरह टूट गया।

डेनीसन के बयान के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिकायत के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम डेनीसन डेविस एवं दोस्त नितेश राघव के साथ उनकी स्कूटी पर सेक्टर-सात में रह रहे एक अन्य दोस्त अभिषेक के घर पढ़ाई करने पहुंचे थे। रात लगभग डेढ़ बजे दोनों स्कूटी से अभिषेक के घर से अपने घर जाने के लिए निकले थे। लगभग दो बजे सुभाष चौक के नजदीक स्कूटी में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे दोनों नीचे गए। हादसे के बाद आरोपित चालक ट्रक सहित फरार हो गया। वर्ष हादसे मौत

वर्ष 2017 1214 481

वर्ष 2018 1075 442

वर्ष 2019 1205 433

वर्ष 2020 1204 375

(इनके अलावा हर साल सैकड़ों लोग घायल होते हैं) तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। गलत साइड चलने वाले वाहनों का भी चालान किया जा रहा है। वाहन चालकों से अपील है कि जिदगी अनमोल है। नियंत्रण में ही वाहन चलाएं।

- संजीव बल्हारा, सहायक पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक, मुख्यालय), गुरुग्राम


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.