30 अप्रैल तक चालू हो जाएगा यू-टर्न अंडरपास
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सिरहौल बार्डर के नजदीक 30 अप्रैल तक यू-टर्न अंडरपास हर हाल में चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
आदित्य राज, गुरुग्राम:
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सिरहौल बार्डर के नजदीक 30 अप्रैल तक यू-टर्न अंडरपास हर हाल में चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। वैसे एनएचएआइ का प्रयास है कि 15 अप्रैल से पहले ही निर्माण कार्य पूरा हो जाए। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम द्वारा टोल प्लाजा रजोकरी बार्डर की तरफ स्थानांतरित करने में देरी की वजह से निर्माण कार्य लगभग तीन महीने प्रभावित रहा। अब जाकर टोल प्लाजा स्थानांतरित करने का काम शुरू किया गया है। पहले गत वर्ष दिसंबर में ही अंडरपास चालू करने का लक्ष्य रखा गया था। फिर मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। इसके चालू होते ही सिरहौल बार्डर से रजोकरी बार्डर के बीच ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
हाईवे पर गुरुग्राम इलाके में सबसे अधिक ट्रैफिक का दबाव खेड़कीदौला टोल प्लाजा के अलावा सिरहौल बार्डर से रजोकरी बार्डर के बीच रहता है। इसे देखते हुए सिरहौल बार्डर के नजदीक अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। बार्डर के नजदीक ही दिल्ली नगर निगम का टोल प्लाजा है। अंडरपास उसके नीचे से ही बनाया जाना है। अब टोल प्लाजा रजोकरी बार्डर की तरफ स्थानांतरित किए जाने से अंडरपास का निर्माण तेज कर दिया गया है। इसके चालू होने से सिरहौल बार्डर से रजोकरी बार्डर के बीच ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। फिलहाल पीक आवर के दौरान यानी सुबह आठ बजे से 11 बजे तक एवं शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है।
............
एंबियंस माल की तरफ जाना होगा आसान
सिरहौल बार्डर पर यू-टर्न अंडरपास चालू होने के बाद गुरुग्राम के अधिकतर इलाके के लोगों को एंबियंस माल व आसपास के इलाकों में जाना आसान हो जाएगा। फिलहाल वाहन चालकों को दिल्ली इलाके में जाकर रजोकरी बार्डर से यू-टर्न लेना पड़ता है। इस वजह से ही सिरहौल बार्डर से रजोकरी बार्डर के बीच ट्रैफिक का दबाव रहता है। इसका असर उद्योग विहार सहित कई इलाकों पर भी पड़ता है। यू-टर्न अंडरपास चालू होने के बाद रजोकरी बार्डर से यू-टर्न लेने का झंझट हमेशा के लिए दूर हो जाएगा। बता दें कि शंकर चौक पर यू-टर्न फ्लाईओवर के निर्माण के साथ ही सिरहौल बार्डर के नजदीक यू-टर्न अंडरपास का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने शुरू कराया था। कोरोना संकट में निर्माण कार्य प्रभावित होने के बाद भी तीन महीने पहले ही यू-टर्न फ्लाईओवर चालू किया जा चुका है।
.............
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने टोल प्लाजा स्थानांतरित करने का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही अंडरपास के निर्माण का कार्य भी तेज कर दिया गया है। 30 अप्रैल तक हर हाल में यू-टर्न अंडरपास चालू कर दिया जाएगा। अंडरपास के चालू होने के साथ ही सिरहौल बार्डर की सबसे बड़ी समस्या दूर हो जाएगी।
---- विकास मित्तल, प्रबंधक, एनएचएआइ, गुरुग्राम