गर्भवती महिला का हत्यारोपित कथित प्रेमी गिरफ्तार
सेक्टर-50 थाना क्षेत्र की जल विहार कालोनी में गर्भवती महिला प्रीति की हत्या के मामले में महिला के कथित प्रेमी सुभाष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : सेक्टर-50 थाना क्षेत्र की जल विहार कालोनी में गर्भवती महिला प्रीति की हत्या के मामले में महिला के कथित प्रेमी सुभाष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि आपसी कहासुनी होने पर गला दबाकर प्रीति की हत्या कर दी थी। प्रीति का पति के साथ झगड़ा हुआ था जिसके बाद वह कुछ दिन सुभाष के साथ रही थी। वारदात के समय प्रीति का पति व सुभाष जल विहार कालोनी में ही रह रहे थे।
बता दें कि 19 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-46 की जलविहार कालोनी में एक गर्भवती महिला की हत्या कर दी गई। मृतका प्रीति ने मूल रूप से हाथरस के रहने वाले सतीश कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। एक साल पहले पति-पत्नी शीतला कालोनी में रहने लगे। इसी दौरान प्रीति की मुलाकात उत्तर प्रदेश के हाथरस के गडडा वाला मोहल्ला के रहने वाले सुभाष के साथ हुई। दो-तीन दिन के बाद प्रीति अपने कथित प्रेमी सुभाष के साथ फरीदाबाद चली गई। कुछ समय फरीदाबाद सुभाष के साथ रहने के बाद इन दोनों ने सतीश को भी फरीदाबाद बुला लिया।
फरीदाबाद में ही तीनों में आपसी रजामंदी होने के बाद गुरुग्राम में फिर से रहने की योजना बनाई। प्रीति व उसका पति और सुभाष तीनों सेक्टर 46 की जल विहार कालोनी में एक कमरे में रहने लगे। 19 फरवरी को किसी बात को लेकर सुबह-सुबह प्रीति व सुभाष में कहासुनी हो गई। आरोपित सुभाष ने कबूला कि प्रीति उसका कहना नहीं मानती थी। जब उसका पति सतीश अपने काम पर चला गया तो उसने गला दबाकर प्रीति की हत्या कर दी। हत्या के बाद फरार हो गया।
हत्या की वारदात को सुलझाने के लिए अपराध शाखा सेक्टर-40 के प्रभारी गुणपाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने गहनता से इस मामले में जांच पड़ताल की। बाद में आरोपित सुभाष को घाटा-फरीदाबाद रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। एसीपी प्रीत पाल ने बताया कि आरोपित सुभाष ने हत्या की वारदात को कबूल कर लिया है। आरोपित को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया।