निगम ने चार माह में वसूला 123 करोड़ रुपया कर
नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की रफ्तार बढ़ गई है। एक अप्रैल से 31 जुलाई तक 123 करोड़ रुपये से भी ज्यादा टैक्स नगर निगम के खजाने में जमा हो चुका है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: नगर निगम में संपत्ति कर जमा करने की रफ्तार बढ़ गई है। एक अप्रैल से 31 जुलाई तक 123 करोड़ रुपये से भी ज्यादा कर नगर निगम के खजाने में जमा हो चुका है। जोन-3 की टैक्स विग ने सबसे ज्यादा 63 करोड़ रुपये वसूले हैं। कर डिफाल्टरों को नोटिस भेजने के साथ ही कई संपत्तियों को भी सील किया गया था। कर में मिल रही छूट का भी नागरिक फायदा उठा रहे हैं। निगम के क्षेत्रीय कराधान अधिकारी समीर श्रीवास्तव ने बताया कि समय पर कर जमा कराने वालों को छूट भी मिल रही है, जो संपत्ति मालिक अपना पूरा बकाया संपत्ति कर 31 अगस्त तक जमा कराएंगे, उन्हें वित्त वर्ष 2010-11 से लेकर वित्त वर्ष 2016-17 तक के संपत्ति कर पर 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। सरकार द्वारा संपत्ति कर पर लगने वाले ब्याज को भी माफ किया गया है। इसके साथ ही जिन संपत्ति मालिकों ने गत तीन वर्षों में अपना संपत्ति कर 31 जुलाई तक जमा कराया है, उन्हें नियमित 10 प्रतिशत छूट के साथ अतिरिक्त 10 प्रतिशत छूट दी जा रही है।
- जोन- कितना कर जमा हुआ (रुपये)
1- 6,53,40,533
2- 23,64,37,189
3- 63,12,26,077
4- 30,59,00,287