लॉकडाउन का साइबर सिटी में व्यापक असर
कोरोना वायरस के खिलाफ लॉकडाउन को लेकर पुलिस की सख्ती का व्यापक असर दिखने लगा है। बुधवार सुबह से ही अधिकतर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। नवरात्र का प्रथम दिन होने के बाद भी आवश्यक सेवाओं से संबंधित दुकानों पर अधिक भीड़भाड़ नहीं दिखाई दी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: कोरोना वायरस के खिलाफ लॉकडाउन को लेकर पुलिस की सख्ती का व्यापक असर दिखने लगा है। बुधवार सुबह से ही अधिकतर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। नवरात्र का प्रथम दिन होने के बाद भी आवश्यक सेवाओं से संबंधित दुकानों पर अधिक भीड़भाड़ नहीं दिखाई दी। जो लोग पहुंचे, उन्होंने दूरी बना रखी थी। कहीं भी लॉकडाउन का उल्लंघन न हो, इसके लिए पूरे शहर में जगह-जगह नाके लगाए गए हैं।
लॉकडाउन की घोषणा किए जाने के बाद इसका उल्लंघन करने के आरोप में मंगलवार तक जहां 56 मामले दर्ज किए जा चुके हैं वहीं 76 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यही नहीं 64 वाहन भी जब्त किए गए। इनमें से अधिक मामले पुराने गुरुग्राम इलाके एवं मानेसर इलाके से संबंधित हैं। इसे देखते हुए मंगलवार शाम से नाकों की संख्या में और अधिक बढ़ोत्तरी कर दी गई है। सभी मुख्य सड़कों पर दो से तीन नाके लगाए गए हैं। चौराहों के नजदीक नाके लगाए गए हैं। बाजारों से लेकर गलियों की दुकानों के ऊपर नजर रखी जा रही है ताकि आवश्यक सेवाओं से ही संबंधित दुकानें संचालित हों। पुलिसकर्मी गलियों में जाकर लोगों को समझा रहे हैं। सब्जी मंडियों में भीड़ न लगे, इसके लिए आसपास पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। दिल्ली में प्रवेश करने वाले जितने भी रास्ते हैं, उन रास्तों पर बॉर्डर के नजदीक नाके लगाए गए हैं। ऑनलाइन फूड सर्विस पर रोक नहीं
ऑनलाइन फूड डिलीवरी सर्विस पर रोक नहीं है। एमेजॉन, जोमैटो, मिल्क बास्केट, बिग बाजार, ग्रॉफर्स, स्विगी आदि कंपनियां ऑनलाइन फूड डिलीवरी सर्विस जारी रख सकती हैं। पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकील ने सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश जारी किया है कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी सर्विस में दिक्कत नहीं आनी चाहिए पुलिस की सक्रियता का दिख रहा असर
लॉकडाउन को लेकर सड़कों से लेकर गलियों में पुलिस की सक्रियता का असर कई स्तर पर दिख रहा है। जबसे लॉकडाउन की घोषणा की गई है तबसे अपराध में काफी कमी आई है। जिले में प्रतिदिन औसतन 60 से 65 आपराधिक मामले दर्ज होते हैं। पांच दिनों से प्रतिदिन औसतन 15 से 20 ही आपराधिक मामले दर्ज हो रहे हैं। खासकर बाइक एवं कार चोरी के मामलों में भारी कमी आई है। प्रतिदिन औसतन 10 से अधिक चोरी के मामले सामने आ रहे थे। अब तीन से चार मामले सामने आ रहे हैं। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने का निर्देश है। लोगों से अपील है कि वे घर में ही रहें। उनकी सुरक्षा को लेकर ही लॉकडाउन है। इसे मजाक में न लें। कानून व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
-मोहम्मद अकील, पुलिस आयुक्त