स्वतंत्रता दिवस पर लोकतंत्र सेनानियों का हो सम्मान: महावीर भारद्वाज
1975 के आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल की यातनाएं सहने वाले लोकतंत्र सेनानियों का स्वतंत्रता सेनानीÞ की तर्ज पर राष्ट्रीय पर्व पर सम्मान होना चाहिए।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : 1975 आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल की यातनाएं सहने वाले लोकतंत्र सेनानियों का स्वतंत्रता सेनानी की तर्ज पर राष्ट्रीय पर्व पर सम्मान होना चाहिए। यह मांग हरियाणा के लोकतंत्र सेनानी संगठन के प्रदेश महासचिव महावीर भारद्वाज ने गुरुग्राम इकाई की जिला बैठक को संबोधित करते हुए उठाई। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से जहां देशभक्तों के त्याग को उचित महत्व दिया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ भावी पीढ़ी को भी राष्ट्र के प्रति समर्पण का पाठ पढ़ाया जा सकेगा। स्थानीय विवेकानंद ग्लोबल स्कूल परिसर में हुई लोकतंत्र सेनानी संगठन की जिला बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विपिन सिंघल ने की। बैठक में पारित प्रस्ताव में 25 जून को हरियाणा के समस्त लोकतंत्र सेनानियों को चंडीगढ़ में बुलाकर मुख्यमंत्री द्वारा जो सम्मान दिया गया उसके लिए आभार व्यक्त किया गया। बैठक में जिला मंत्री लोकतंत्र सेनानी श्री चंद गुप्ता, प्रमोद वशिष्ठ, अनिल नागपाल, जगराम गुप्ता, आत्मप्रकाश तथा सोहनलाल उपस्थित रहे।