विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘बच सके तो बच तेरा राम है रुखवाला’ गाना लगाकर हरियाणा में युवक को बेरहमी से पीटा, Video वायरल

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:10 PM (IST)

गैंगवार की रंजिश में रतिया में एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

रतिया में गैंगवार की रंजिश में युवक को बंधक बनाकर पीटा।

रतिया में गैंगवार की रंजिश में युवक को बंधक बनाकर पीटा।

HighLights

  1. गैंगवार की रंजिश में युवक को रास्ते में घेरकर बंधक बनाया।

  2. मारपीट का वीडियो गाने के बोल के साथ सोशल मीडिया पर वायरल।

  3. पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, बाकी की तलाश जारी।

संवाद सूत्र, रतिया। गैंगवार की रंजिश में एक युवक को रास्ते में घेरकर कमरे में बंधक बना लिया गया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वीडियो में हरियाणवी सिंगर अमित सैनी रोहतकिया के सान्ग ‘डैड’ के बोल- ‘दीवार पर है फोटो तेरी और फोटो पर है माला, बच सके तो बच तेरा राम है रुखवाला’, लगाए गए हैं।

वीडियो में युवक तड़पते हुए रहम की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है, जबकि हमलावर उसे घसीट-घसीटकर पीट रहे हैं। पुलिस को दिए बयान में घायल रंजीत उर्फ टुन्ना के पिता इंद्रपाल ने बताया कि वह आटो चलाता है। उसका बेटा काफी समय से सिरसा में रह रहा था और दो-तीन दिन पहले ही रामनगर वापस आया था।

बीती रात वह किसी परिचित से मिलकर लौट रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे रास्ते में घेर लिया और मारपीट करते हुए एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। वहां उसे लाठियों से पीटा गया और सीमेंट ब्लाक से भी हमला किया गया।

जबरन बुलवाया ‘शिकारी गैंग जिंदाबाद’

घायल युवक के पिता इंद्रपाल के अनुसार, हमलावर उसके बेटे से जबरन ‘मनीष शिकारी जिंदाबाद’ बुलवाते रहे। युवक रहम की गुहार लगाता रहा और गलती होने की बात कहकर छोड़ने की मांग करता रहा। इसके बाद उसे अधमरी हालत में छोड़ दिया गया। पिता ने आरोप लगाया कि गैंगवार की रंजिश में उसके बेटे को निशाना बनाया गया। पीटने वालों में कालू, पंकज, सोनी, जांदू, सिंटा, मक्खन, हैप्पी, गगन, कालू, शेरू, सुमित, मनी शिकारी, सतनाम, कल्याण और 15-20 अन्य लोग शामिल हैं।

हालत गंभीर, अग्रोहा रेफर

घायल के पूरे शरीर में 32 जगह फ्रैक्चर आए हैं। दोनों टांगों और दोनों बाजुओं पर प्लास्टर चढ़ाया गया है। हालत गंभीर होने पर उसे अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

एसएचओ विजेंद्र हुडा ने बताया कि बयान दर्ज किए गए हैं और उनके आधार पर 10 आरोपितों को नामजद करते हुए कई अन्यों पर केस दर्ज किया है, जिनमें से पांच आरोपितों को काबू कर लिया गया है। जल्द ही बाकी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसका केस दर्ज है।