विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के टोहाना में अब SP सुनेंगी शिकायतें, फरियादियों को नहीं काटना पड़ेगा 60 KM का चक्कर

Published: Thu, 17 Sep 2026 04:17 PM (IST)

पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर अब हर शुक्रवार को टोहाना के पुराने डीएसपी कार्यालय में दोपहर 12 से 2 बजे तक जनसुनवाई करेंगी।

निकिता खट्टर, एसपी (फाइल फोटो)

निकिता खट्टर, एसपी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एसपी निकिता खट्टर टोहाना में करेंगी साप्ताहिक जनसुनवाई।

  2. हर शुक्रवार दोपहर 12-2 बजे पुराने डीएसपी कार्यालय में।

  3. फतेहाबाद जाने की 60 किमी यात्रा से मिलेगी मुक्ति।

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। टोहाना और आसपास के क्षेत्र के लोगों को अब अपनी शिकायत लेकर जिला मुख्यालय फतेहाबाद तक करीब 60 किलोमीटर का सफर नहीं करना पड़ेगा।

पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने पहली बार टोहाना में सप्ताह में एक दिन खुद बैठकर आमजन की शिकायतें सुनने की पहल की है। अब प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12 से 2 बजे तक थाना सदर टोहाना स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय में एसपी आमजन की समस्याएं सुनेंगी। इससे टोहाना के अलावा जाखल, कुलां और आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।

टोहाना जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर है। किसी गंभीर पुलिस शिकायत या अधिकारी स्तर पर समाधान की जरूरत होने पर फरियादियों को फतेहाबाद पहुंचना पड़ता था।

आने-जाने में ही करीब दो घंटे या उससे अधिक समय लग जाता था। कई बार शिकायत के लिए बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से लोगों को परेशानी होती थी।

अब सप्ताह में एक दिन एसपी के टोहाना में बैठने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और ऐसे फरियादी जिन्हें बार-बार पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, उनके लिए यह व्यवस्था उपयोगी होगी।

जाखल और कुलां क्षेत्र के लोग भी रख सकेंगे शिकायत

साप्ताहिक जनसुनवाई का दायरा केवल टोहाना शहर तक सीमित नहीं रहेगा। जाखल, कुलां और आसपास के गांवों के लोग भी निर्धारित समय पर पुराने डीएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रख सकेंगे। एसपी शिकायत सुनने के बाद संबंधित थाना प्रभारी या पुलिस अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश देंगी।

इससे शिकायतों की सुनवाई के साथ उनके निस्तारण की निगरानी भी वरिष्ठ स्तर पर हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तक सीधे पहुंच उपलब्ध कराना और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।


आमजन की सुरक्षा, सहायता और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। टोहाना क्षेत्र के लोगों को अपनी शिकायत के लिए जिला मुख्यालय तक आने में काफी समय लगता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12 से 2 बजे तक थाना सदर टोहाना स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय में जनसुनवाई की जाएगी।-निकिता खट्टर, एसपी।