बरसात से आजाद नगर में मकान की छत गिरी, तीन घायल
शनिवार सुबह से हो रही बरसात के चलते आजाद नगर में मकान की
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद: शनिवार सुबह से हो रही बरसात के चलते आजाद नगर में मकान की छत गिर गई। घटना के दौरान घर के अंदर तीन लोग मौजूद थे, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। इसके अलावा घर का सामान टूट गया है। हादसा छत पर पानी भरने के कारण हुआ। घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मामले के अनुसार आजाद नगर निवासी आत्मा राम की छत से बरसाती पानी की निकासी न होने के कारण पानी भर गया। इसके चलते दोपहर को छत गिर गई। छत के नीचे सारा सामान दब गया। हादसे में आत्माराम, उसकी पत्नी कुल¨वद्र कौर, बेटा अजय को चोटें लगी। आत्माराम का पिता उसी समय मकान के बाहर बरसाती पानी की निकासी में लगा हुआ था, जिस कारण वह बाल-बाल बच गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां पर घायलों का उपचार चल रहा है। शहर के निचले इलाकों में भरा पानी
सुबह से हो रही बरसात के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। इस कारण लोगों को आने-जाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बरसात के कारण सिविल अस्पताल के बाहर, भट्ठा कॉलोनी, लालबती चौक, जवाहर चौक, बीघड़ चौक, भीवां बस्ती, पुराना बस स्टैंड, भट्टू रोड पर पानी भर गया। हालांकि जन स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद ने दावा किया था कि पानी निकासी के प्रबंध कर दिए गए हैं। लेकिन शनिवार को हुई बरसात ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी।