बिना टेंडर 23 दिनों तक 110 कर्मचारियों से करवाया काम, सात लाख रुपये वेतन रुका
सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग बिना अनुबंध 110 कर्मचारियों से 23 दि
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग बिना अनुबंध 110 कर्मचारियों से 23 दिनों तक काम करवाता रहा। 15 मई को अनुबंध खत्म हो गया और कर्मचारी पहले की तरह ही काम करते रहे। टेंडर एजेंसी ने भी नोटिस दे दिया लेकिन फिर भी स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों को आश्वासन देकर काम लेता रहा। अब स्वास्थ्य विभाग 23 दिनों की सैलरी देने में आनाकानी कर रहा है। यानि की सिविल अस्पताल में लगे अनुबंध कर्मचारियों को करीब सात लाख रुपये का झटका लगा है। कर्मचारी अब बृहस्पतिवार को अधिकारियों के आगे फरियाद लगाएंगे।
सिविल अस्पताल में अनुबंध पर कर्मचारियों को रखने का ठेका हिसार की सांईराम प्लेसमेंट एजेंसी के पास था। ठेका 15 मई को खत्म हो गया लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इससे पहले नए ठेका की प्रक्रिया शुरू नहीं की। ठेका एजेंसी ने 15 मई को नोटिस जारी कर दिया था कि कर्मचारी काम करते हैं तो उनकी जिम्मेदारी नहीं है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग इन कर्मचारियों से फिर भी 23 दिनों तक काम लेता रहा। नया ठेका भी सांईराम प्लेंसमेंट के पास चला गया। अब कर्मचारियों को नए ठेका के बाद की सैलरी जारी हो गई है लेकिन 23 दिनों की सैलरी देने में स्वास्थ्य विभाग आनाकानी कर रहा है।
--------
13 सफाई कर्मचारियों को नहीं मिला नया डीसी रेट :
सिविल अस्पताल में अनुबंध पर लगे कर्मचारियों को नया डीसी रेट जारी हो गया है। लेकिन 13 सफाई कर्मचारियों को नया डीसी रेट नहीं मिला है। जबकि अन्य कर्मचारियों को वेतन जारी हो गया है।
--------
अनुबंध खत्म होने के बाद 23 दिनों तक कर्मचारियों ने काम किया था। लेकिन कर्मचारियों इस दौरान की सैलरी नहीं दी गई है। इसको लेकर कई बार अधिकारियों को कहा गया है लेकिन आनाकानी की जा रही है। बुधवार को इस संबंध में सिविल सर्जन से मिला जाएगा।
- राजेश कुमार
प्रधान, अनुबंध कर्मचारी एसोसिएशन, सिविल अस्पताल फतेहाबाद