फतेहाबाद में 5 अक्टूबर तक नहीं बनी तलवाड़ा फाटक सड़क, तो 6 को जाखल में 'रेल रोको' आंदोलन; किसानों ने दी चेतावनी
जाखल के तलवाड़ा फाटक पर सड़क निर्माण में देरी से सांझा मोर्चा के किसान व व्यापारी नाराज हैं।
-1790763620358_m.webp)
फतेहाबाद में 5 अक्टूबर तक नहीं बनी तलवाड़ा फाटक सड़क (फाइल फोटो)
HighLights
तलवाड़ा फाटक सड़क निर्माण में देरी से किसान-व्यापारी नाराज।
5 अक्टूबर तक काम पूरा न होने पर 'रेल रोको' आंदोलन।
सांझा मोर्चा ने रेलवे व प्रशासनिक अधिकारियों को दी चेतावनी।
जागरण संवाददाता, जाखल। तलवाड़ा फाटक पर सड़क और फाटक निर्माण में हो रही लेटलतीफी ने अब आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर दी है। बुधवार को सांझा मोर्चा के बैनर तले किसानों व व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जाखल जंक्शन पहुंचकर सहायक मंडल अभियंता कार्यालय के निर्माण विंग के अधिकारी सचिन व नवीन कुमार से मुलाकात की।
मोर्चा ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि 5 अक्टूबर तक रेलवे लाइनों के बीच की सड़क व फाटक का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ, तो 6 अक्टूबर को जाखल रेलवे स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन और ''रेल रोको'' आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि प्रशासन लगातार सिर्फ आश्वासन दे रहा है, जिससे आमजन को आवागमन में हो रही परेशानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं।
ट्रैक के बीच अटका काम, अधिकारियों ने नहीं लिया ज्ञापन
तलवाड़ा फाटक पर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लेने के बाद किसान नेता लाभ सिंह उदयपुर, आदित्य बंसल, रंजीत, हरविंदर और गग्गू सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि फाटक के दोनों ओर सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन लाइनों के बीच का हिस्सा अब भी जस का तस पड़ा है।
जब मोर्चा सदस्यों ने निर्माण अधिकारियों को इस संबंध में ज्ञापन सौंपना चाहा, तो उन्होंने यह कहकर ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया कि ट्रैक के बीच का काम सिग्नल एवं टेक्निकल विभाग के अधीन है और उन्हें अवगत करवा दिया गया है।
मोर्चा सदस्यों ने याद दिलाया कि जिला उपायुक्त के दौरे के समय भी मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों ने 5 अक्टूब तक हर हाल में काम पूरा करने का ठोस आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक बीच का काम शुरू तक नहीं किया गया है।
आरपीएफ और प्रशासनिक अधिकारियों को भी किया अलर्ट
रेलवे अधिकारियों से बेनतीजा बातचीत के बाद सांझा मोर्चा के सदस्य रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाने पहुंचे और वहां भी अपने प्रस्तावित आंदोलन की जानकारी दी।
सदस्यों ने आरपीएफ प्रभारी एसआर मीना से फोन पर भी संपर्क किया और स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं हुआ, तो रेल रोको आंदोलन से बिगड़ने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
एसआ मीना ने उन्हें बताया कि उच्चाधिकारियों को इस स्थिति से अवगत करवाया जा रहा है। इसके अलावा, किसान नेता लाभ सिंह उदयपुर ने बताया कि इस पूरी समस्या व आंदोलन की चेतावनी से टोहाना के एसडीएम और जिला उपायुक्त को भी अवगत करवाया जा चुका है, ताकि समय रहते निर्माण पूरा हो और किसानों व व्यापारियों को राहत मिल सके।
