विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनाली फोगाट हत्याकांड: आरोपी सुखविंद्र सिंह घूमने जाएगा थाईलैंड और दुबई; कोर्ट से यात्रा की मिली इजाजत

Published: Fri, 30 Jan 2026 12:28 PM (IST)

सोनाली फोगाट हत्याकांड के आरोपी सुखविंद्र सिंह को बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा बेंच ने शादी की सालगिरह मनाने के लिए ...और पढ़ें

सोनाली फोगाट हत्याकांड के आरोपी को शादी की सालगिरह पर थाइलैंड-दुबई जाने की हाईकोर्ट से मिली अनुमति।

सोनाली फोगाट हत्याकांड के आरोपी को शादी की सालगिरह पर थाइलैंड-दुबई जाने की हाईकोर्ट से मिली अनुमति।

HighLights

  1. आरोपी सुखविंद्र सिंह को विदेश यात्रा की अनुमति मिली

  2. शादी की सालगिरह मनाने थाईलैंड और दुबई जाएगा

  3. सीबीआई ने पासपोर्ट लौटाया, 20 फरवरी तक रहेगा विदेश

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। हरियाणवी टिक-टॉक स्टार व भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट हत्याकांड में आरोपित सुखविंद्र सिंह को एक बार फिर विदेश यात्रा की अनुमति मिल गई है। बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा बेंच ने उसे शादी की सालगिरह मनाने के लिए थाइलैंड और दुबई जाने की इजाजत दे दी है।

कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ने उसका पासपोर्ट उसे सौंप दिया है। सुखविंद्र 30 जनवरी से 20 फरवरी तक विदेश में रहेगा और लौटने के बाद पासपोर्ट दोबारा जांच एजेंसी को जमा कराएगा।

6 दिन तक थाइलैंड में रहेगा

हाईकोर्ट में पेश याचिका में सुखविंद्र सिंह ने दलील दी कि सोनाली फोगाट हत्याकांड में नाम आने और गिरफ्तारी के बाद से उसके वैवाहिक जीवन में तनाव चल रहा है। वह अपनी पत्नी सोनिया के साथ रिश्तों को सुधारना चाहता है और इसी उद्देश्य से शादी की सालगिरह के मौके पर विदेश यात्रा करना चाहता है।

कोर्ट को बताया गया कि वह 30 जनवरी से 4 फरवरी तक थाइलैंड में रहेगा, इसके बाद 6 फरवरी से 20 फरवरी तक दुबई में समय बिताएगा। इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने सीबीआई को पासपोर्ट अस्थायी रूप से सौंपने का निर्देश दिया।

गौरतलब है कि सोनाली फोगाट अगस्त 2022 में गोवा घूमने गई थीं। 22 से 25 अगस्त के इस दौरे में उनके साथ निजी सहायक सुधीर सांगवान और जानकार सुखविंद्र सिंह भी थे। 22 अगस्त की रात सुधीर और सोनाली एक डिस्को गए, जहां अचानक सोनाली की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद सुधीर उन्हें होटल ले गया। अगली सुबह 23 अगस्त को सोनाली की मौत की खबर सामने आई।

इस मामले में सोनाली के भाई रिंकू ढाका की शिकायत पर गोवा पुलिस ने सुधीर सांगवान और सुखविंद्र सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। 25 अगस्त 2022 को सुधीर और सुखविंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। स्वजनों की मांग पर बाद में केंद्र सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। फिलहाल केस सीबीआई के पास लंबित है और जांच जारी है।

कोर्ट में यह भी बताया गया कि सुखविंद्र और उसकी पत्नी के विदेश प्रवास के दौरान उनकी तीन साल की बेटी चरखी दादरी जिले स्थित गांव में दादा-दादी के पास रहेगी। इस आश्वासन को भी अदालत ने रिकॉर्ड पर लिया।

उल्लेखनीय है कि यह पहला मौका नहीं है जब सुखविंद्र सिंह को विदेश जाने की अनुमति मिली हो। इससे पहले करीब पांच महीने पहले वह इंडोनेशिया के बाली, चंगू और उलुवातू की यात्रा पर गया था और 23 सितंबर को भारत लौटा था। एक बार फिर आरोपित को मिली विदेश यात्रा की छूट ने सोनाली फोगाट हत्याकांड को लेकर चल रही बहस को ताजा कर दिया है।