गुरुनानक देव जी के प्रकाश उत्सव को लेकर निकाली प्रभात फेरी
श्रीगुरुनानक देव जी के प्रकाश उत्सव को लेकर शुक्रवार को टोहाना में प्रभात फेरी निकाली गई।
संवाद सहयोगी, टोहाना :
श्रीगुरुनानक देव जी के प्रकाश उत्सव को लेकर शुक्रवार को गुरुद्वारा सिंह सभा के निर्देशन में सांझी प्रभात फेरियों का आयोजन किया गया। जिसमें गुरुद्वारा गुरूनानक संगत सभा, गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब, गुरुद्वारा तेग बहादुर साहिब, गुरुद्वारा बाबा बंदा बहादुर साहिब, प्रभु सिमरन केंद्र, गुरू रविदास मंदिर सभा, भाटिया नगर गुरुद्वारा व गुप्ता कालोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब आदि की संगतों ने भाग लिया। सुबह लगभग साढे 5 बजे सभी गुरुद्वारों से यह प्रभात फेरियां अलग-अलग शहर से होते हुए नेहरू मार्केट स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में आकर एकत्र हुई। यहां सभी गुरूद्वारों के हैड ग्रंथियों व सेवादारों को गुरुद्वारा सिंह सभा प्रधान जस कंवर नांगला व सदस्यों ने सिरोपे भेंट कर सम्मानित किया। वहीं कीर्तन के उपरांत लंगर भी बरताया गया। इस अवसर पर कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए सैनिटाइजर व मास्क का प्रयोग किया गया। गुरुद्वारा सिंह सभा प्रधान जसकंवर नांगला ने बताया कि 28 नवंबर को गुरपर्व के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। जोकि सुबह साढे 10 बजे अनाज मंडी गुरुद्वारा से रवाना होकर नेहरू मार्केट, घंटाघर चौक, पुरानी तहसील रोड से गुरुद्वारा तूर नगर पहुंचेगा। जहां गुरुद्वारा कमेटी व संगतों द्वारा स्वागत किया जाएगा। उसके बाद रतिया रोड से विभिन्न गुरूद्वारों से शहर गुरुद्वारा में आकर सम्पन्न होगा। प्रधान जसकंवर नांगला ने बताया कि 30 नवम्बर को शहर गुरुद्वारा साहिब में दीवान सजाए जाएंगे।
वहीं, रागी जत्था बलकार सिंह बीर, कथा वाचक बलविद्र सिंह लुधियाने वाले गुरु महाराज के जीवन प्रसंगों की व्याख्या करेंगे। जबकि कीर्तन व कथा का कार्यक्रम सुबह 11 बजे से एक बजकर 30 मिनट तक तथा शाम को 8 बजे से शुरू होगा।