पुलिसकर्मियों को मिला सुरक्षा कवच, जजपा ने उपलब्ध करवाई किट
जागरण संवाददाता फतेहाबाद इस समय अपनी जान जोखिम में डालकर पुलिस कर्मचारी हमारी सेवा कर
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
इस समय अपनी जान जोखिम में डालकर पुलिस कर्मचारी हमारी सेवा कर रहे हैं। दिन-रात नाके पर खड़े होकर आने जाने वाले लोगों से हमारी सुरक्षा कर रहे हैं। वे दिन में कितने ही वाहनों के हाथ लगा रहे हैं लेकिन अपनी सुरक्षा कम और हमारी सुरक्षा अधिक करते हैं। ऐसे में इन पुलिस कर्मचारियों की सेवा करना भी हमारी जिम्मेदारी बनती है। जजपा नेता व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पुलिस कर्मचारियों को सुरक्षा कवच दिया है। जिसमें पीपीई किट के अलावा सैनिटाइजर, मास्क सहित अन्य सामग्री है। अगर ये इनका उपयोग करेंगे तो अपने आप को इस कोरोना महामारी से बचा सकेंगे।
बुधवार को पुलिस कर्मियों को मास्क, सैनिटाइजर की किट बांटी गई। इस मुहिम की शुरुआत जजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र लेगा ने लघु सचिवालय में डीएसपी सुभाष कुमार को विशेष किट सौंप कर की। इसके उपरांत उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों संग शहर थाना, बस स्टैंड चौकी, गुरुनानकपुरा चौकी के अलावा लालबत्ती चौक आदि क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए किट वितरित की।
इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ नेता डा. वीरेन्द्र सिवाच, पवन चुघ, विकास मेहता, जितेन्द्र गिल, वरुण राव आदि पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जजपा पदाधिकारियों को यह किट उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जन सुरक्षा में दिन रात सेवा दे रहे पुलिस कर्मियों की सुरक्षा के मद्देनजर भेजी।
---------------------
पुलिस कर्मचारी बोले- अच्छा काम किया
डीएसपी सुभाष कुमार ने पुलिस कर्मियों की सुरक्षा के लिए भेजे गए स्टॉक के लिए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व जजपा प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह का आभार प्रकट किया। इस स्टॉक से कोरोना महामारी के खतरे के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को अपना बचाव करते हुए काम करने में मदद मिलेगी। जजपा के जिलाध्यक्ष बोले-पुलिसकर्मियों की सुरक्षा करना हमारा कर्तव्य जजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र लेगा ने कहा कि जगह-जगह मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे पुलिस कर्मियों को मास्क, सैनिटाइजर, साबुन व दस्ताने आदि की किट बांटी गई। जजपा प्रमुख एवं डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने आमजन के साथ साथ ड्यूटी पर तैनात हर कर्मी को सुरक्षित रखने के जो प्रयास इस लॉकडाउन में किए हैं, वे उनकी सबसे जनप्रिय नेता होने कर प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस आपदा और संकट की घड़ी में पुलिस कर्मी हर नागरिक की सुरक्षा के लिए दिन-रात ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा करना भी हमारा कर्तव्य है। पुलिस, डाक्टर, सफाई कर्मचारी हो या कोरोना महामारी में सेवा दे रहे सामाजिक कार्यकर्ता हर वर्ग को सुरक्षित माहौल देने में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है।