विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इसरो तक पहुंची हरियाणा की नीलम, किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर समझा अंतरिक्ष विज्ञान

Published: Tue, 06 Oct 2026 03:40 PM (IST)

शहीद विकास राहड़ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीली मंदोरी की छात्रा नीलम ने हैदराबाद स्थित इसरो केंद्र के शैक्षणिक एक्सपोजर विजिट में भाग लेकर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

नीलम ने हैदराबाद में इसरो के शैक्षणिक एक्सपोजर विजिट में भाग लिया।

नीलम ने हैदराबाद में इसरो के शैक्षणिक एक्सपोजर विजिट में भाग लिया।

HighLights

  1. नीलम ने हैदराबाद में इसरो के शैक्षणिक एक्सपोजर विजिट में भाग लिया

  2. उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह प्रौद्योगिकी और वैज्ञानिक अनुसंधान को समझा

  3. इस भ्रमण से विज्ञान के प्रति उनकी रुचि और प्रेरणा बढ़ी

संवाद सूत्र, जागरण, भट्टू कलां। शहीद विकास राहड़ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीली मंदोरी की कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की मेधावी छात्रा नीलम ने हैदराबाद स्थित इसरो केंद्र के शैक्षणिक एक्सपोजर विजिट में भाग लेकर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद एवं समग्र शिक्षा की पहल के तहत प्रदेशभर से चयनित 48 मेधावी विद्यार्थियों के दल में फतेहाबाद जिले से तीन विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें नीलम भी शामिल रही। यह शैक्षणिक भ्रमण 27 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया।

छात्रों ने उठाया दक्षिण भारतीय व्यंजन का स्वाद

हैदराबाद प्रवास के दौरान विद्यार्थियों ने चारमीनार, मक्का मस्जिद, सालार जंग म्यूजियम, लुंबिनी पार्क, वेंकटेश्वर मंदिर, श्री जगन्नाथ मंदिर, केबल ब्रिज, हुसैन सागर झील, डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तथा एनटीआर गार्डन सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद लेकर वहां की खान-पान संस्कृति से भी परिचय प्राप्त किया।

एक्सपोजर विजिट के दौरान समझी इसरो की बारिकियां

इस एक्सपोजर विजिट के दौरान विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह प्रौद्योगिकी, वैज्ञानिक अनुसंधान तथा आधुनिक तकनीक के व्यावहारिक उपयोग को नजदीक से समझने का अवसर मिला। उन्होंने वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर विज्ञान के वास्तविक और व्यावहारिक स्वरूप को समझने का अवसर प्रदान किया। नीलम ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इसरो जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान को करीब से देखना उनके लिए बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।

वैज्ञानिकों से संवाद और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से जानने से विज्ञान के प्रति उनकी रुचि और बढ़ी तथा भविष्य में विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

विद्यालय के प्रिंसिपल ने की नीलम की तारीफ

विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार ने नीलम की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय विद्यालय की छात्रा का प्रदेश स्तरीय वैज्ञानिक एक्सपोजर विजिट के लिए चयन होना विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करते हैं।

यह भी पढ़ें- 3 दिन में नोटिस, 45 दिन में फैसला, हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन; लागू हुई Next-Gen ई-चालान प्रणाली