मास्क टूटकर गिरा, ट्रैफिक पुलिस ने थमा दिया चालान
जागरण संवाददाता फतेहाबाद कोरोना संकट में हर किसी को मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया ह
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : कोरोना संकट में हर किसी को मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। अगर किसी ने मास्क नहीं लगाया तो पुलिस उसका चालान भी कर रही है। लेकिन कुछ मामले ऐसे भी आए जिनका विरोध भी हुआ है। ऐसा ही मामला मंगलवार को देखने को मिला। एक व्यक्ति का मास्क टूटकर नीचे गिर गया। उसने यह मास्क जेब में डाल लिया। लेकिन पुलिस ने उसे रूकवाकर उसका 500 रुपये का चालान कर दिया। जिसका विरोध व्यक्ति ने किया। जानकारी देते हुए शहर निवासी प्रदीप कक्कड़ ने बताया कि उसने बताया कि वह इस समय जनगणना की ड्यूटी कर रहा है। शक्ति नगर से ही आ रहा था। सरकार की तरफ से जो काम दिया गया है वह कर रहा है। उसने मास्क भी लगा रखा था। लालबत्ती चौक से कुछ पहले ही उसके मास्क टूटकर नीचे गिर गया। उसने यह मास्क जेब में डाल लिया। जैसे ही वह लालबत्ती चौक पर पहुंचा तो पुलिस ने रोक लिया और चालान काट दिया। उसने पुलिस को दिखाया कि उसका मास्क खराब हो गया है ऐसे में मौके पर कैसे नया लाये। लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी और 500 रुपये का जुर्माना भरवा लिया। अब व्यक्ति ने कहा कि वह इसकी शिकायत सीएम विडो में करेगा।
ट्रैफिक थाना प्रभारी विक्रम ने बताया कि आदेश के बाद ही चालान किया जा रहा है। किसी को परेशान करने वाली बात नहीं है। जिनके मुंह पर मास्क नहीं है उनका ही चालान पुलिस कर्मचारी कर रहे हैं।