विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ हरियाणा के किसानों का हल्ला बोल, 22 जुलाई को बराला आवास का घेराव कर करेंगे प्रदर्शन

Published: Wed, 08 Jul 2026 04:12 PM (IST)

रतिया में जम्हूरी किसान सभा और एआईकेएम की बैठक में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों के लिए खतरनाक बताया गया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के लिए बेहद खतरनाक।

  2. 22 जुलाई को टोहाना में बराला आवास का घेराव।

  3. 28 जुलाई को राजधानी में देशव्यापी किसान प्रदर्शन।

जागरण संवाददाता, रतिया। बुधवार को स्थानीय किसान रेस्ट हाउस में जम्हूरी किसान सभा व एआईकेएम तहसील कमेटी की एक अहम बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता रमेश रत्ताखेड़ा ने की। बैठक में मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंचे किसान महासभा के राज्य सचिव सुखविंदर सिंह और राज्य प्रवक्ता तेजिंदर रतिया ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए। वक्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि केंद्र सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करने के लिए देश के किसानों की कमर तोड़ने का काम कर रही है। यह ट्रेड डील भारतीय किसानों के लिए बेहद खतरनाक साबित होगी और इससे स्पष्ट है कि सरकार लगातार पूंजीपतियों के हितों के लिए काम कर रही है।

28 जुलाई को राजधानी में देशव्यापी विरोध

इस अवसर पर वक्ता गुरप्रीत नैन ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सभी भाजपा सांसदों के घरों का घेराव किया जाएगा। इसके तहत आगामी 22 जुलाई को किसान टोहाना में सुभाष बराला के आवास का घेराव करेंगे। इसके बाद, 28 जुलाई को इस ट्रेड डील के विरोध में राजधानी में देश भर के किसानों द्वारा संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया जाएगा।

राज्य प्रवक्ता तेजिंदर रतिया ने बताया कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए गांव स्तर पर लगातार यूनिटों का निर्माण और मेंबरशिप अभियान चलाया जा रहा है। आगामी सितंबर माह में पंजाब के जालंधर में राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर जसपाल खुनन, सतनाम बुर्ज, सुखविंदर सिंह जेई, वीरेंद्र सिंह, शेरा सिंह, परमजीत लाली, रूपा सिंह, शिवजी और रणजीत अलीका सहित कई किसान मौजूद थे।