विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में शिक्षकों की छुट्टी के नए नियम, वॉटसऐप पर मैसेज भेजने से नहीं चलेगा काम; लिखित आवेदन से ही मिलेगी मंजूरी

Published: Sat, 17 Oct 2026 03:45 PM (IST)

फतेहाबाद जिले में शिक्षकों की छुट्टियों और स्कूल समय में उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने नए नियम लागू किए ...और पढ़ें

हरियाणा में शिक्षकों की छुट्टी के नए नियम (फाइल फोटो)

हरियाणा में शिक्षकों की छुट्टी के नए नियम (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शिक्षकों को छुट्टी के लिए लिखित आवेदन देना अनिवार्य।

  2. वॉट्सऐप या फोन से छुट्टी अब मान्य नहीं होगी।

  3. स्कूल समय में कार्यालय जाने पर भी रोक लगाई गई।

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। जिले के करीब 4500 शिक्षकों की छुट्टियों और स्कूल समय में उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती की है। अब शिक्षक केवल वॉटसऐप संदेश भेजकर या फोन करके छुट्टी मंजूर नहीं करवा सकेंगे।

अवकाश पर जाने से पहले संबंधित उच्चाधिकारी और डीडीओ को लिखित आवेदन देना होगा। अधिकारी की मंजूरी मिलने के बाद ही छुट्टी मान्य होगी। अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नोडल अधिकारी की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि जिले में कई अध्यापक आकस्मिक, स्थानीय और अन्य प्रकार के अवकाश फोन या वॉटसऐप के माध्यम से स्वीकृत करवाते हैं। इससे स्कूलों में छुट्टियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने में परेशानी आती है।

इसे सरकारी नियमों के विपरीत मानते हुए अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। अब संबंधित कर्मचारी को छुट्टी से पहले लिखित प्रार्थना-पत्र देकर उच्चाधिकारी और डीडीओ को सूचित करना होगा।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ प्रधानाचार्यों, अध्यापकों और अन्य कर्मचारियों से नियमों का पालन करवाने को कहा है। छुट्टी की जानकारी विधिवत दर्ज करना और बिना मंजूरी किसी कर्मचारी को अवकाश पर न जाने देना अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी। लिखित आवेदन और स्वीकृति की अनिवार्यता से छुट्टियों के रिकॉर्ड की जांच भी आसान होगी।

स्कूल समय में कार्यालय जाने पर रोक

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल समय में शिक्षकों के जिला या खंड स्तरीय कार्यालय आने को लेकर भी आदेश जारी किए हैं। इसके अनुसार, कोई भी अध्यापक बिना अनुमति कार्यालय नहीं जा सकेगा। विभागीय या जरूरी काम से कार्यालय जाना हो तो पहले संबंधित अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिक्षण समय में शिक्षक स्कूल में अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें और कार्यालय जाने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। छुट्टी के लिए लिखित आवेदन और मंजूरी के साथ-साथ कार्यालय जाने से पहले अनुमति लेना भी जरूरी होगा।

शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए है। वॉटसऐप पर किसी को कोई छुट्टी नहीं मिलेगी। संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजना होगा। अध्यापक कहां जा रहा है इसका पूरा रिकॉर्ड रहेगा।- अनुराग ढालिया, एडीसी व नोडल अधिकारी।